Tuesday, May 12, 2026
No menu items!
Homeबिहारपुपरी में ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ जैसी चोरी: बंद घर से 50 लाख की...

पुपरी में ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ जैसी चोरी: बंद घर से 50 लाख की संपत्ति गायब, तिजोरी का राज जानता था चोर!

 

सूने घर को बनाया निशाना, सिर्फ उसी कमरे का टूटा ताला जहां रखे थे जेवरात

सीतामढ़ी, 09 मई 2026। जिले के पुपरी थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंगाही गांव में शुक्रवार की रात हुई एक बड़ी चोरी की वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। अज्ञात चोरों ने शिक्षक अशरफ खान मंसूरी के बंद घर को निशाना बनाते हुए करीब 50 लाख रुपये मूल्य के पुश्तैनी जेवरात, नकदी और बच्चों के गुल्लक तक साफ कर दिए।

घटना को जिस तरीके से अंजाम दिया गया, उससे यह आशंका जताई जा रही है कि चोरों को घर की पूरी जानकारी पहले से थी। घर में चार कमरे मौजूद थे, लेकिन चोरों ने केवल उसी कमरे का ताला तोड़ा, जहां कीमती जेवरात और नकदी रखी गई थी। यही वजह है कि पुलिस अब इस वारदात में किसी करीबी या ‘भीतरी जानकारी’ की संभावना से भी इनकार नहीं कर रही है।

परिवार बाजार स्थित किराये के मकान में था, पीछे से हो गई बड़ी चोरी

जानकारी के अनुसार, घटना के समय पीड़ित परिवार पुपरी बाजार स्थित अपने किराये के मकान में था। इसी दौरान चोरों ने गांव स्थित सूने घर में सेंधमारी कर बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। शनिवार सुबह जब परिवार को घटना की जानकारी मिली तो घर में बिखरे सामान और टूटे ताले देखकर सभी के होश उड़ गए।

पीड़ित शिक्षक अशरफ खान मंसूरी ने बताया कि चोर घर में रखे पुश्तैनी स्वर्ण एवं चांदी के आभूषण, नकदी और बच्चों के गुल्लक तक उठा ले गए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत 40 से 50 लाख रुपये बताई जा रही है।

बच्चों के गुल्लक तक नहीं छोड़े

चोरों ने केवल कीमती जेवरात ही नहीं, बल्कि घर में रखे बच्चों के गुल्लक को भी तोड़ दिया। पीड़ित परिवार के अनुसार, करीब 50 हजार रुपये नकद भी गायब हैं। घटना के बाद पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग इसे हाल के दिनों की सबसे बड़ी चोरी की घटनाओं में से एक मान रहे हैं।

पुलिस जांच में जुटी, डॉग स्क्वायड और FSL टीम का इंतजार

घटना की सूचना मिलते ही पुपरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष रामशंकर कुमार ने घटनास्थल का मुआयना करते हुए बताया कि मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच कराई जा रही है।

पुलिस द्वारा डॉग स्क्वायड एवं एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है, ताकि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा सकें। वहीं संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

इलाके में बढ़ी दहशत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस बड़ी चोरी की घटना के बाद सिंगाही गांव समेत आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस तरह योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया, उससे साफ है कि अपराधियों ने पहले से रेकी की थी। घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

अभी अभी

लोकप्रिय खबर