सीतामढ़ी, 5 मई 2026:
सीतामढ़ी नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत नारायण पेट्रोलियम एवं गणेश पेट्रोलियम पेट्रोल पंपों पर आज प्रशासन की बड़ी कार्रवाई देखने को मिली। अनुमंडल पदाधिकारी, सीतामढ़ी सदर के नेतृत्व में इन पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण अभियान में अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी तथा प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी भी मौजूद रहे। जांच के दौरान दोनों पेट्रोल पंपों पर कुछ अनियमितताएं एवं कमियां पाई गईं, जिस पर प्रशासन ने गंभीर रुख अपनाते हुए संबंधित संचालकों से तत्काल स्पष्टीकरण मांगा है।
अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि पेट्रोलियम वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों के उल्लंघन पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इसके साथ ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अनुमंडल क्षेत्र के सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों एवं पेट्रोल पंप संचालकों के साथ समीक्षा बैठक भी की गई। बैठक में सभी को सरकारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने तथा कालाबाजारी एवं अनियमितताओं पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने साफ किया है कि आपूर्ति व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता है, और भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे।
