मधुबनी : पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को मिली सफलता, विशेष रूप से पश्चिम बंगाल और असम में बेहतर प्रदर्शन के बाद जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार जश्न मनाया।
जिला मुख्यालय स्थित भाजपा कार्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व जिला अध्यक्ष प्रभांशु झा ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर, पटाखे फोड़कर और मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी जाहिर की। साथ ही एक-दूसरे को जीत की बधाई और शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में मौजूद विधान परिषद सदस्य एवं पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में प्रवास कर चुके घनश्याम ठाकुर ने इस जीत को पार्टी नेतृत्व की कड़ी मेहनत और रणनीति का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह सफलता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अथक प्रयासों का नतीजा है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की जनता का आभार व्यक्त करते हुए इसे ऐतिहासिक जनादेश बताया।
जिला अध्यक्ष प्रभांशु झा ने अपने संबोधन में कहा कि यह जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि लोगों ने एकजुट होकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लिया और बड़े पैमाने पर मतदान किया।
वहीं, पूर्व जिला अध्यक्ष शंकर झा ने पार्टी की विचारधारा का उल्लेख करते हुए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को इस सफलता का आधार बताया।
इस अवसर पर कई प्रमुख कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें राष्ट्रीय परिषद सदस्य देवेंद्र कुमार यादव, जिला महामंत्री सुबोध चौधरी, रंजीत यादव, सरोज सिंह, जिला उपाध्यक्ष सतीश ठाकुर, राधा देवी, प्रमिला पूर्व, जिला मीडिया प्रभारी मनोज कुमार मुन्ना सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल थे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने संगठन को और मजबूत बनाने तथा भविष्य में भी इसी तरह जनसमर्थन बनाए रखने का संकल्प लिया।
