मधुबनी | रविवार
बिहार राज्य के स्थापना दिवस यानी ‘बिहार दिवस’ के गौरवशाली अवसर पर आज मधुबनी जिले में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। सुबह की पहली किरण के साथ ही वॉटसन उच्च विद्यालय परिसर से एक भव्य प्रभातफेरी का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।

रंग-बिरंगी पोशाकों में सजे बच्चों ने हाथों में तख्तियां और तिरंगा लेकर ‘जय बिहार’, ‘बढ़ेगा बिहार’ और ‘शिक्षित बिहार–विकसित बिहार’ जैसे जोशीले नारों से पूरे वातावरण को गुंजायमान कर दिया। प्रभातफेरी का मुख्य उद्देश्य राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करना तथा नई पीढ़ी को बिहार के गौरवशाली इतिहास से अवगत कराना रहा।

प्रभातफेरी के दौरान बच्चों ने लोकगीतों और बैंड-बाजे की धुन पर बिहार की एकता और भाईचारे का संदेश दिया। साथ ही इस आयोजन के माध्यम से जल-जीवन-हरियाली, नशामुक्ति और बालिका शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर भी लोगों को जागरूक किया गया।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला शिक्षा पदाधिकारी अक्षय पांडेय, उप निदेशक सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी परिमल कुमार, सहायक निदेशक (सामाजिक सुरक्षा) नितेश पाठक तथा वरीय उप समाहर्ता बिरजू दास सहित कई अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रभातफेरी ने पूरे जिले में उत्सव का माहौल बना दिया और लोगों के भीतर नई ऊर्जा का संचार किया।
बिहार दिवस केवल एक तिथि नहीं, बल्कि हर बिहारी के लिए अपनी पहचान, संस्कृति और अस्मिता को नमन करने का विशेष दिन है।
