मधुबनी में सड़क सुरक्षा को लेकर चलाया जा रहा विशेष अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। अभियान के तीसरे दिन भी शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें लोगों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया।

इस दौरान डीएसपी श्री सुजीत कुमार के नेतृत्व में रामपट्टी चौक, पेड़ा चौक और रांटी चौक पर बैनर और पोस्टर के माध्यम से आम लोगों को सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने लोगों से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की।
अभियान को लेकर स्थानीय लोगों में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि इस तरह के प्रयासों से जिले की ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार हो रहा है। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि अगर यह अभियान इसी तरह जारी रहा, तो सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और यातायात व्यवस्था और बेहतर होगी।

इधर, मधुबनी के जिलाधिकारी श्री आनंद शर्मा भी यातायात व्यवस्था को सुधारने को लेकर सक्रिय हैं। वे लगातार संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं, ताकि जिले की ट्रैफिक व्यवस्था को और अधिक सुचारू और सुरक्षित बनाया जा सके।
प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में भी यह अभियान जारी रहेगा, जिससे अधिक से अधिक लोगों को जागरूक कर सुरक्षित यातायात सुनिश्चित किया जा सके।
