मधुबनी | रीजनल सेकेंड्री स्कूल, जीवछ चौक में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक समारोह के दूसरे और अंतिम दिन विद्यालय परिसर में उत्साह, उमंग और प्रेरणा से भरा माहौल देखने को मिला। दूसरे दिन आयोजित कार्यक्रम के साथ ही वार्षिक समारोह का विधिवत समापन हुआ। आज के कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। उद्घाटन समारोह में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) कुंदन कुमार, डीएसपी ट्रैफिक एवं डीएसपी सदर की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की।
इस अवसर पर डीपीओ कुंदन कुमार ने विज्ञान, कला एवं सामान्य ज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन किया और बच्चों द्वारा बनाए गए मॉडलों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और नवाचार की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है, जो आज की शिक्षा प्रणाली का मूल उद्देश्य है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएसपी ट्रैफिक ने बच्चों के हौसले को बढ़ाया और रीजनल सेकेंड्री स्कूल की शैक्षणिक व सह-शैक्षणिक गतिविधियों की खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करते हैं। अपने संबोधन के दौरान डीएसपी ट्रैफिक ने बच्चों को प्रेरित करने के लिए एक गीत भी गुनगुनाकर सुनाया, जिससे पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इसके बाद उन्होंने बच्चों से ‘जय हिंद’ का नारा लगवाया, जिससे माहौल पूरी तरह देशभक्ति से सराबोर हो गया।
वहीं डीएसपी सदर ने भी बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
प्रदर्शनी में बच्चों ने क्लाइमेट चेंज, डिफॉरेस्टेशन, कंप्यूटर टेक्नोलॉजी, भौतिकी के सिद्धांतों के दैनिक जीवन में उपयोग से जुड़े मॉडल प्रस्तुत किए। आर्ट एंड क्राफ्ट सेक्शन में पेंटिंग और मधुबनी पेंटिंग आकर्षण का केंद्र रहीं, जबकि जीके सेक्शन में बच्चों ने समाज में जागरूकता से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम के दौरान रीजनल सेकेंड्री स्कूल के डायरेक्टर डॉक्टर राम श्रृंगार पांडे ने कहा कि वार्षिक समारोह का उद्देश्य बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को मंच देना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने शिक्षकों और छात्रों के संयुक्त प्रयासों की सराहना की।
दो दिवसीय वार्षिक समारोह का समापन बच्चों के उत्साह, अतिथियों के प्रेरणादायक संदेश और तालियों की गूंज के साथ हुआ, जो निश्चित रूप से विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सकारात्मक कदम साबित होगा।
वही स्कूल के प्रिंसिपल डॉक्टर मनोज कुमार झा ने आए सभी मेहमान और गार्जियनों का शुक्रिया अदा करते हुए संस्था के सभी कर्मी का धन्यवाद किया।
