पटना, 20 जुलाई। राष्ट्रीय वैश्य महासभा, बिहार के तत्वावधान में बिहार सरकार के पूर्व मंत्री एवं अमर शहीद स्वर्गीय बृज बिहारी प्रसाद की 77वीं जयंती श्रद्धा, सम्मान और प्रेरणा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पटना के बेली रोड स्थित बृज बिहारी स्मृति भवन में “व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर परिचर्चा” का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों के गणमान्य लोग, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं संगठन के पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रदेश उपाध्यक्ष अमृतेष कुमार गुप्ता द्वारा अतिथियों के स्वागत से हुई। इसके बाद सभी अतिथियों ने अमर शहीद बृज बिहारी प्रसाद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों को याद किया।
पूर्व सांसद रामा देवी ने कहा कि स्वर्गीय बृज बिहारी प्रसाद ने अपना संपूर्ण जीवन समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए समर्पित कर दिया। उनका व्यक्तित्व और कार्यशैली आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है तथा उनके आदर्शों पर चलकर ही समाज को नई दिशा दी जा सकती है।

राष्ट्रीय वैश्य महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के पूर्व मंत्री समीर महासेठ ने कहा कि अमर शहीद बृज बिहारी प्रसाद का जीवन त्याग, साहस, संघर्ष और समाजसेवा का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने कहा कि ऐसे महापुरुषों के विचारों और मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुँचाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है, ताकि समाज में सेवा, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की भावना और मजबूत हो।
राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) जगन्नाथ प्रसाद गुप्ता ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक शक्ति उसके महापुरुषों के आदर्शों, संगठन की एकजुटता और युवा पीढ़ी के संस्कारों में निहित होती है। वहीं प्रदेश अध्यक्ष पी.के. चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय वैश्य महासभा समाज के महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने का अभियान निरंतर जारी रखेगी।
इस अवसर पर समन्वय समिति के अध्यक्ष कमल नोपानी, मुख्य चुनाव प्रभारी इंजीनियर सुंदर साहू, राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष डॉ. अस्मिता पूर्वे, विधायक रणविजय साहू, विधान परिषद सदस्य विनोद कुमार जायसवाल तथा राष्ट्रीय महासचिव अनंत कुमार गुप्ता सहित कई वक्ताओं ने अमर शहीद बृज बिहारी प्रसाद के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को समाज के लिए मार्गदर्शक बताया।
कार्यक्रम में पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद चौरसिया, ऋचा योगमई, साहू किरण गुप्ता, गोविंद जायसवाल, प्रमोद गुप्ता, डॉ. कामेश्वर गुप्ता, शिव कुमार गुप्ता, देवेंद्र गुप्ता सहित राष्ट्रीय वैश्य महासभा के अनेक पदाधिकारी, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। तेज बारिश और प्रतिकूल मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की सहभागिता ने संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और एकजुटता का परिचय दिया।
