Tuesday, July 14, 2026
No menu items!
Homeबिहारझंझारपुर के डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम आईटीआई में प्लेसमेंट ड्राइव का सफल...

झंझारपुर के डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम आईटीआई में प्लेसमेंट ड्राइव का सफल आयोजन, 57 में से 32 छात्रों का हुआ चयन

मधुबनी/झंझारपुर: तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में झंझारपुर प्रखंड के अररिया संग्राम स्थित डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम आईटीआई में सोमवार को एक सफल कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। इस प्लेसमेंट कैंप में चेन्नई की प्रतिष्ठित ऑटोमोबाइल क्षेत्र की कंपनी फ्यूरसिया एमिनेशन कंट्रोल टेक्नोलॉजी इंडिया लिमिटेड ने भाग लिया और संस्थान के छात्रों का चयन किया।

प्लेसमेंट प्रक्रिया में संस्थान के विभिन्न ट्रेडों के 57 प्रशिक्षु छात्रों ने हिस्सा लिया। कंपनी द्वारा लिखित परीक्षा, तकनीकी मूल्यांकन एवं साक्षात्कार सहित विभिन्न चरणों में उम्मीदवारों का आकलन किया गया। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 32 छात्रों का कंपनी में रोजगार के लिए चयन किया गया। चयनित छात्रों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी और उन्होंने इसे अपने करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

इस अवसर पर संस्थान के निदेशक कुमार चंद्रशेखर ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल तकनीकी शिक्षा ही नहीं, बल्कि छात्रों को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना भी बेहद जरूरी है। संस्थान लगातार इसी दिशा में कार्य कर रहा है, ताकि प्रशिक्षण पूरा करते ही छात्रों को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।

प्रधानाचार्य संतोष कुमार ने चयनित छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह संस्थान और छात्रों दोनों के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि संस्थान का प्रयास है कि प्रत्येक योग्य छात्र को प्रशिक्षण के साथ रोजगार भी मिले। भविष्य में भी देश की नामी कंपनियों के सहयोग से नियमित रूप से कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित किए जाएंगे।
प्रशिक्षक लक्ष्मण कुमार कामत और मुकेश कुमार मंडल ने भी चयनित छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी। उन्होंने छात्रों से पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की अपील की।

पूरी प्लेसमेंट प्रक्रिया कंपनी के एचआर हेड एंटनी दीपक, लर्नर मैनेजर सत्यव्रत तथा रिसोर्सिंग विभाग (बिहार) के मनोज कुमार की देखरेख में पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।


संस्थान प्रबंधन ने बताया कि उद्योग जगत की जरूरतों के अनुरूप छात्रों को प्रशिक्षित करने और उन्हें रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से भविष्य में भी विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों के साथ कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन लगातार किया जाता रहेगा। इस सफल प्लेसमेंट ड्राइव से क्षेत्र के युवाओं में भी उत्साह का माहौल है और तकनीकी शिक्षा के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हुआ है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

अभी अभी

लोकप्रिय खबर