मधुबनी। झंझारपुर थाना पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक साजिश का पर्दाफाश करते हुए सुपारी लेकर हत्या करने जा रहे तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक लोडेड देशी कट्टा, 11 जिंदा कारतूस, एक धारदार चाकू, तीन मोबाइल फोन, नंबर प्लेट से छेड़छाड़ की गई मोटरसाइकिल तथा कई अन्य सामान बरामद किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्हें एक व्यक्ति की हत्या के लिए सुपारी दी गई थी। एडवांस राशि मिल चुकी थी और हत्या के बाद डेढ़ लाख रुपये देने का वादा किया गया था।
पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को शाम करीब 5:30 बजे विशेष समकालीन अभियान के तहत पु.अ.नि. बिहारी आलम, परि. पु.अ.नि. अंजनी कुमारी एवं सशस्त्र बल थाना चौक से सुखेत जाने वाली सड़क पर बेलारही कट के समीप सघन वाहन जांच अभियान चला रहे थे। इसी दौरान सुखेत की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक पुलिस को देखकर अचानक बाइक मोड़कर भागने लगे। उनकी संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया।
गिरफ्तार युवकों से कड़ाई से पूछताछ की गई तो उन्होंने सनसनीखेज खुलासा किया। आरोपियों ने बताया कि चंदन कुमार नामक व्यक्ति ने उन्हें एक व्यक्ति की हत्या की सुपारी दी थी। इसके एवज में कुछ रकम एडवांस दी जा चुकी थी, जबकि हत्या के बाद डेढ़ लाख रुपये और मिलने थे। हत्या किए जाने वाले व्यक्ति की तस्वीर मोबाइल पर भेजी जानी थी, जिसके बाद वे वारदात को अंजाम देकर फरार होने वाले थे। इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर पूरी साजिश को विफल कर दिया।
पुलिस ने क्या-क्या बरामद किया?
एक लोडेड देशी कट्टा
कुल 11 जिंदा 8 एमएम कारतूस
एक लोहे का धारदार चाकू
घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, जिसकी नंबर प्लेट पर काला टेप लगाकर नंबर छिपाया गया था
दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन
एक कीपैड मोबाइल
तीन अलग-अलग मोटरसाइकिलों की चाबियां एवं एक ताले की चाबी
गिरफ्तार आरोपी
1. रोहित कुमार झा (26 वर्ष)
निवासी – सिसवार बाजार, थाना फुलपरास, जिला मधुबनी।
2. चंदन कुमार कामत (23 वर्ष)
निवासी – जलसैन डुमरा, थाना रुद्रपुर, जिला मधुबनी।
3. आदर्श कुमार (19 वर्ष)
निवासी – देवनाथपट्टी वार्ड संख्या-4, थाना घोघरडीहा, जिला मधुबनी।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में रोहित कुमार झा और चंदन कुमार कामत के विरुद्ध पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस संबंध में झंझारपुर थाना कांड संख्या 122/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अब उस व्यक्ति की तलाश में जुटी है जिसने हत्या की सुपारी दी थी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हत्या की साजिश के पीछे क्या वजह थी और इस पूरे नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
