Thursday, July 9, 2026
No menu items!
Homeबिहारफेसबुक पर कट्टे के साथ फोटो पोस्ट करना पड़ा भारी, मधुबनी पुलिस...

फेसबुक पर कट्टे के साथ फोटो पोस्ट करना पड़ा भारी, मधुबनी पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार

फेसबुक पर कट्टे के साथ फोटो पोस्ट करना पड़ा भारी

 मधुबनी पुलिस ने युवक को किया गिरफ्ता
मधुबनी। सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ फोटो पोस्ट करना एक युवक को महंगा पड़ गया। मधुबनी पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम की सक्रियता के चलते औंसी थाना क्षेत्र से एक युवक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर छापेमारी कर एक अवैध देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय से गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को जिले के सोशल मीडिया सेंटर को एक फेसबुक पोस्ट की जानकारी मिली, जिसमें एक युवक हाथ में अवैध देशी कट्टा लेकर फोटो पोस्ट किए हुए था। सूचना के सत्यापन के बाद स्थानीय चौकीदार की मदद से युवक की पहचान औंसी थाना क्षेत्र के खैरीबांका निवासी मो. जमील अहमद, पिता इरशाद अहमद, के रूप में की गई।

इसके बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर औंसी थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन कर आरोपी के घर पर छापेमारी की गई। पुलिस को देखते ही युवक भागने लगा, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि कट्टे के साथ फोटो उसी ने खिंचवाकर अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट की थी।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांव में मो. गुलफाम की झाड़-फूंक की दुकान पर गया था, जहां मौजूद देशी कट्टे के साथ उसने फोटो खिंचवाई थी। इसके बाद पुलिस आरोपी को साथ लेकर मो. गुलफाम की दुकान पर पहुंची। पुलिस वाहन देखकर मो. गुलफाम अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। दुकान की तलाशी के दौरान पुलिस ने कागज में लिपटा एक अवैध देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया। सभी बरामद सामानों को जब्त कर लिया गया है।
इस मामले में औंसी थाना कांड संख्या 51/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए, 26 एवं 35 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।

पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन या ऐसे पोस्ट साझा नहीं करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

अभी अभी

लोकप्रिय खबर