सीतामढ़ी जिले के नानपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है,
जहां स्कूल परिसर के अंदर घुसकर बदमाशों ने एक छात्र पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना नानपुर उत्तरी पंचायत वार्ड नंबर-2 स्थित राजकीय उर्दू मध्य विद्यालय की है। हमलावरों ने क्लासरूम में घुसकर छात्र मो० अरहान पर चाकू से ताबड़तोड़ 5 वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। फिलहाल छात्र जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार बाइक चलाने को लेकर हुई मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया।
पीड़ित द्वारा नानपुर थाना में दिए गए आवेदन के मुताबिक, जानीपुर निवासी सार्थक कुमार, अभिषेक कुमार और आकाश Kumar अपने साथियों के साथ स्कूल पहुंचे और पहली मंजिल पर स्थित क्लासरूम में घुस गए।
आरोप है कि तीनों ने मो० अरहान को पकड़ लिया और चाकू से लगातार हमला करना शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमला करते समय आरोपी कह रहे थे — “जिंदा नहीं बचना चाहिए।” अचानक हुए इस हमले से स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और छात्र-छात्राओं में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्कूल के प्रधानाध्यापक ने डायल 112 को सूचना दी।
पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी अभिषेक कुमार मौके से फरार हो गया, जबकि सार्थक कुमार और आकाश कुमार को लोगों ने पकड़ लिया। बाद में दोनों को नानपुर थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
गंभीर रूप से घायल मो० अरहान को पहले नानपुर पीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने सीतामढ़ी सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश है।
ग्रामीणों ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस वारदात ने स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
नानपुर थाना अध्यक्ष देवव्रत कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि एक फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
