गया/बेलागंज: गया-पटना रेलखंड पर शनिवार को एक बेहद गंभीर और शर्मनाक वारदात सामने आई है, जहां चलती ट्रेन से एक युवती को जबरन उतारकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
पीड़िता, जो कि बिहार के जहानाबाद जिले की रहने वाली है, ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपने घर से बेलागंज स्थित ननिहाल जा रही थी। यात्रा के दौरान चाकंद के पास कुछ अज्ञात बदमाशों ने ट्रेन की चेन पुलिंग कर दी। ट्रेन रुकते ही आरोपियों ने उसे जबरन नीचे उतार लिया और सुनसान इलाके में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया।
घटना चाकंद और बेला स्टेशन के बीच की बताई जा रही है। वारदात के बाद पीड़िता किसी तरह वहां से निकलकर अपने परिजनों और पुलिस तक पहुंची, जिसके बाद मामला सामने आया।
सूचना मिलते ही बेलागंज थाना की पुलिस तुरंत हरकत में आई। थाना अध्यक्ष मनोज कुमार पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। अब तक संदेह के आधार पर 10 युवकों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मेडिकल जांच भी कराई गई है। साथ ही फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं।
लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी रवि प्रकाश सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामला बेहद संवेदनशील है और हर पहलू से जांच की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
घटना के बाद बेलागंज और आसपास के इलाकों में लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। स्थानीय लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
