Tuesday, April 7, 2026
No menu items!
Homeबिहारलू और संभावित सुखाड़ को लेकर प्रशासन सतर्क, सभी विभागों को दिए...

लू और संभावित सुखाड़ को लेकर प्रशासन सतर्क, सभी विभागों को दिए गए सख्त निर्देश भीषण गर्मी से निपटने की तैयारी तेज, मधुबनी में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक

दिनांक – 07/04/2026

मधुबनी में संभावित भीषण गर्मी, लू (हीट वेव) एवं सुखाड़ की स्थिति से निपटने को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मंगलवार को डीआरडीए सभागार में अपर समाहर्ता (आपदा) संतोष कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में आमजन के स्वास्थ्य, पेयजल आपूर्ति, पशुधन सुरक्षा एवं आवश्यक सेवाओं की निरंतरता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।                            नगर निकायों को पियाऊ और पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देशl बैठक में सभी नगर निकायों को सार्वजनिक स्थलों पर पियाऊ (पानी की सुविधा) की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा खराब पड़े चापाकलों की शीघ्र मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया।

इसके साथ ही पेयजल संकट की स्थिति से निपटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था तैयार रखने को कहा गया।
स्वास्थ्य विभाग को विशेष अलर्टll
स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया गया कि सभी अस्पतालों में लू से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए विशेष वार्ड और पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

साथ ही ओआरएस, आईवी फ्लूड और जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता हर हाल में बनाए रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर चलंत चिकित्सा दल (मोबाइल मेडिकल टीम) तैनात करने के निर्देश दिए गए।
पेयजल संकट पर विशेष फोकस
लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग को खराब चापाकलों की त्वरित मरम्मत करने तथा जिन क्षेत्रों में नल-जल योजना लागू नहीं है, वहां टैंकर के माध्यम से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा भूजल स्तर की नियमित समीक्षा करने का भी निर्देश दिया गया।
शिक्षा, समाज कल्याण और पशुपालन विभाग को निर्देश
शिक्षा विभाग को गर्मी को देखते हुए विद्यालयों का संचालन सुबह की पाली में करने तथा सभी स्कूलों और परीक्षा केंद्रों में पेयजल एवं ओआरएस की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

समाज कल्याण विभाग को आंगनवाड़ी केंद्रों पर पेयजल व्यवस्था और लू से बचाव संबंधी जागरूकता सामग्री प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया।

पशु संसाधन विभाग को पशु-पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था और बीमार पशुओं के लिए चिकित्सा दल तैयार रखने को कहा गया।
अन्य विभागों को भी अलर्ट मोड में रहने का निर्देश
ग्रामीण विकास विभाग को मनरेगा कार्य स्थलों पर पेयजल एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा जल संरचनाओं के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा परिवहन, श्रम संसाधन, पंचायती राज, ऊर्जा एवं पर्यावरण विभागों को भी लू से बचाव के लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठाने को कहा गया।
अग्निशमन विभाग को विशेष सतर्कता
अग्निशमन विभाग को गर्मी के मौसम में आग लगने की संभावनाओं को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने तथा मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि जन-धन की क्षति को न्यूनतम किया जा सके।

जनजागरूकता पर जोर:
बैठक में सभी विभागों को निर्देश दिया गया कि आम लोगों को लू से बचाव के उपायों के प्रति व्यापक रूप से जागरूक किया जाए, ताकि संभावित जोखिमों को कम किया जा सके।

बैठक में उपस्थित अधिकारी

इस बैठक में अपर समाहर्ता मुकेश रंजन, अपर समाहर्ता राजेश कुमार, नगर आयुक्त उमेश भारती, पंचायत राज पदाधिकारी राकेश कुमार झा, सहायक आपदा पदाधिकारी रजनीश कुमार, डीपीओ नमामि गंगे आनंद अंकित, डीपीओ आईसीडीएस ललिता कुमारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

अभी अभी

लोकप्रिय खबर