मधुबनी | 26 मार्च 2026
रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए मधुबनी पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में जहां एक ओर फ्लैग मार्च निकाला गया, वहीं दूसरी ओर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई भी की गई।
जिले के सभी अनुमंडल क्षेत्रों में पुलिस पदाधिकारियों, थानाध्यक्षों और जवानों द्वारा संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल और वाहन के माध्यम से फ्लैग मार्च किया गया। इसका उद्देश्य आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना और शांति व्यवस्था बनाए रखना था।
इसी के साथ पुलिस ने सभी थाना क्षेत्रों में सघन अभियान चलाते हुए बिना अनुमति और नियमों के खिलाफ संचालित हो रहे कुल 111 डीजे / साउंड सिस्टम को जब्त कर लिया। यह कार्रवाई उच्च न्यायालय और सरकारी दिशा-निर्देशों के तहत की गई है, जिसमें तेज ध्वनि और बिना अनुमति डीजे के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध है।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की कि वे रामनवमी का पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहें।
मधुबनी पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि कानून-व्यवस्था भंग करने या नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें जब्ती के साथ-साथ कानूनी दंड भी शामिल होगा।
प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सभी मिलकर पर्व को शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाएं।
