मधुबनी, 16 मार्च 206
बिहार राज्य महिला आयोग, पटना की माननीय सदस्य श्रीमती सजल झा एवं श्रीमती पिंकी कुमारी ने सोमवार को मधुबनी स्थित सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में संचालित विभिन्न योजनाओं, सेवाओं तथा महिलाओं के सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान महिला आयोग की माननीय सदस्यों का स्वागत जिला प्रोग्राम पदाधिकारी ललिता कुमारी तथा जिला परियोजना प्रबंधक, महिला एवं बाल विकास निगम मधुबनी द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। इसके पश्चात केंद्र की प्रशासक सुषमा कुमारी ने मिथिला की पारंपरिक संस्कृति के अनुरूप माननीय सदस्यों को मिथिला की पाग और दुपट्टा भेंट कर सम्मानित किया।
निरीक्षण के क्रम में माननीय सदस्यों ने सखी वन स्टॉप सेंटर के अंतर्गत महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं को दी जाने वाली कानूनी सहायता, परामर्श सेवा, अस्थायी आश्रय, चिकित्सीय सहायता और मनोवैज्ञानिक परामर्श जैसी सुविधाओं की कार्यप्रणाली का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की।
इस दौरान केंद्र के माध्यम से संचालित महिला स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। साथ ही महिला एवं बाल विकास निगम के अंतर्गत संचालित सामाजिक पुनर्वास कोष योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी प्राप्त की गई। माननीय सदस्यों ने कहा कि इस प्रकार की योजनाएं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें समाज में सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इसके अतिरिक्त जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन (DHEW), मधुबनी के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई। महिला आयोग की सदस्यों ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को कौशल विकास से जोड़कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है, ताकि वे आर्थिक रूप से मजबूत बन सकें।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि महिलाओं के हित में संचालित योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाई जाए, ताकि जरूरतमंद महिलाएं इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
इस मौके पर सीडीपीओ बासोपट्टी पल्लवी कुमारी, DHEW के जिला मिशन समन्वयक अंजनी झा, जेंडर स्पेशलिस्ट शिवराम मेहरा, अजय शंकर, पूनम कुमारी, नीरजा शंकर एवं दीपशिखा सिंह सहित अन्य कर्मी भी उपस्थित रहे।
