मधुबनी, 12 मार्च 2026
जिले में परिचारी/चपरासी (सामान्य+आदेशपाल) की नियुक्ति के लिए लिखित परीक्षा 15 मार्च 2026 को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा जिले के 18 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में कराई जाएगी। पहली पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक होगी।
परीक्षा के सफल और कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर डीआरडीए सभाकक्ष में अपर समाहर्ता मुकेश रंजन, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रमोद कुमार महथा और पुलिस उपाधीक्षक रश्मि ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों व पुलिस अधिकारियों को संयुक्त रूप से ब्रीफिंग दी। अधिकारियों को समय पर अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचने और परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
अभ्यर्थियों के प्रवेश का समय पहली पाली के लिए सुबह 8:30 बजे से 9:30 बजे तक तथा दूसरी पाली के लिए दोपहर 12:30 बजे से 1:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।

परीक्षा के दिन सभी परीक्षा केंद्रों के 500 गज की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और सशस्त्र जवानों की तैनाती की गई है।
परीक्षार्थियों की जांच के लिए मुख्य द्वार पर फ्रिस्किंग की व्यवस्था होगी और महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए महिला कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। परीक्षा के दौरान सभी अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन और वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर दो पासपोर्ट आकार के हालिया रंगीन फोटो, एक पहचान पत्र और उसकी स्व-सत्यापित प्रति लाना अनिवार्य होगा। परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, घड़ी, स्मार्ट वॉच या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थी केवल पारदर्शी पानी की बोतल और बॉलपॉइंट पेन साथ ले जा सकेंगे।
प्रशासन ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
