मधुबनी। लदनिया थाना क्षेत्र के गजरहरा गांव में हुई डकैती की घटना को लेकर मधुबनी के पुलिस कप्तान ने विस्तृत बयान जारी किया है।
पुलिस कप्तान ने बताया कि कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि गजहारा गांव स्थित एक घर में अपराधियों ने धावा बोलकर घर के लोगों को कपड़ा बांधकर बंधक बना लिया और नकद रुपये व कीमती जेवरात लूटकर फरार हो गए।
उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही एसटीएफ जोनल अधिकारी, इंस्पेक्टर तथा स्थानीय पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का तत्काल निरीक्षण किया गया। डॉग स्क्वॉड और एसपी टीम को भी जांच में लगाया गया है।प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि वारदात के बाद अपराधी नेपाल सीमा की ओर भागे।
लदनिया थाना की रात्रि गश्ती टीम ने उनका पीछा भी किया, लेकिन सीमा नजदीक होने और अंधेरा व कोहरे का फायदा उठाकर वे नेपाल की ओर निकल गए।
पुलिस कप्तान ने बताया कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपराधी अपने साथ ले गए हैं। हालांकि, घटनास्थल से मिले तकनीकी साक्ष्य, कद-काठी और अन्य इनपुट के आधार पर कई संदिग्धों की पहचान कर ली गई है।
उन्होंने कहा कि एसटीएफ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर दी गई है और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और मामले के शीघ्र उद्भेदन के लिए सभी स्तर पर कार्रवाई जारी है।
