तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से तीन किशोरों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल
दरभंगा। जिले के मब्बी थाना क्षेत्र में NH-27 स्थित बाजार समिति चौक के पास बुधवार, 11 नवंबर की सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में तीन नाबालिग किशोरों की मौत हो गई। हादसे में एक अन्य किशोर गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। घटना की खबर से बाकरगंज सहित आसपास के इलाके में शोक की लहर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चार नाबालिग दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान बाजार समिति चौक के पास एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि 13, 15 और 17 वर्ष के तीन किशोरों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 16 वर्षीय चौथा किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की खबर जैसे ही बाकरगंज पहुंची, मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। जिन घरों में बच्चों की हंसी-खुशी गूंजती थी, वहां अचानक मातम पसर गया। कम उम्र में तीन जिंदगियों के असमय चले जाने से पूरे इलाके में गम और सदमे का माहौल है।
नजरे आलम ने जताया गहरा दुख
इस दर्दनाक सड़क हादसे पर ऑल इंडिया मुस्लिम बेदारी कारवाँ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं जनता दल यूनाइटेड, बिहार के सदस्य नजरे आलम ने गहरा दुख जताया है।
उन्होंने कहा कि दरभंगा में तीन नाबालिग किशोरों की सड़क हादसे में मौत की खबर बेहद दुखद, हृदयविदारक और झकझोर देने वाली है। इतनी कम उम्र में तीन मासूम जिंदगियों का अचानक दुनिया से चले जाना बेहद पीड़ादायक है।
नजरे आलम ने शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में पूरा समाज पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है।
अभिभावकों से की विशेष अपील
नजरे आलम ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि नाबालिग बच्चों को बाइक या अन्य वाहन चलाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। साथ ही हेलमेट के इस्तेमाल और यातायात नियमों का पालन करने के प्रति बच्चों को जागरूक करना जरूरी है।
उन्होंने वाहन चालकों से भी तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क पर थोड़ी-सी सावधानी कई अनमोल जिंदगियों को बचा सकती है।
घायल किशोर के जल्द स्वस्थ होने की दुआ
नजरे आलम ने अल्लाह तआला से हादसे में जान गंवाने वाले तीनों किशोरों की मगफिरत और उन्हें जन्नतुल फिरदौस में आला मुकाम अता करने की दुआ की। साथ ही शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुख को सहन करने की हिम्मत और सब्र-ए-जमील देने की प्रार्थना की।
उन्होंने घायल किशोर के जल्द स्वस्थ होने की भी दुआ करते हुए कहा कि अल्लाह तआला उसे मुकम्मल शिफा अता फरमाए। आमीन सुम्मा आमीन।
