Wednesday, September 16, 2026
No menu items!
Homeबिहारमधुबनी में आर्केस्ट्रा पर बड़ी कार्रवाई: 40 नाबालिग बालिकाओं का रेस्क्यू, संचालक...

मधुबनी में आर्केस्ट्रा पर बड़ी कार्रवाई: 40 नाबालिग बालिकाओं का रेस्क्यू, संचालक समेत 15 गिरफ्तार

मधुबनी, 15 सितंबर 2026: नाबालिग बालिकाओं को आर्केस्ट्रा में अवैध रूप से काम कराने और उनके शोषण के विरुद्ध मधुबनी पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ विशेष छापेमारी अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने 40 नाबालिग बालिकाओं को रेस्क्यू किया, जबकि आर्केस्ट्रा संचालक समेत कुल 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक (कमजोर वर्ग), बिहार, पटना एवं मिशन मुक्ति फाउंडेशन (NGO) के निर्देश पर की गई। वरीय पुलिस अधीक्षक, मधुबनी के आदेश पर 14 और 15 सितंबर की मध्यरात्रि में पुलिस उपाधीक्षक, साइबर थाना के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित की गई थी। टीम में संबंधित थानों की पुलिस, महिला थाना, मानवाधिकार संस्था और चाइल्डलाइन के सदस्य शामिल थे।

कई थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी

पुलिस के अनुसार, बासोपट्टी, अरेर, बेनीपट्टी, खजौली और लौकहा समेत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संचालित आर्केस्ट्रा में छापेमारी की गई। इस दौरान कुल 40 नाबालिग बालिकाओं को सुरक्षित रेस्क्यू कर महिला थाना, मधुबनी लाया गया। पुलिस ने प्रथम दृष्टया नाबालिग बालिकाओं से आर्केस्ट्रा में काम कराने के मामले में संचालक सहित 12 पुरुष और 3 महिला कर्मियों को गिरफ्तार किया है।

किन धाराओं में दर्ज हुआ मामला?

मामले में महिला थाना, मधुबनी में कांड संख्या 64/26, दिनांक 15.09.2026 दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के विरुद्ध BNS की विभिन्न धाराओं, JJ Act, Bonded Labour (Abolition) Act तथा POCSO Act के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार पुरुष आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की गई है, जबकि रेस्क्यू की गई नाबालिग बालिकाओं को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

गिरफ्तार आरोपियों में कई जिलों के लोग

पुलिस द्वारा जारी सूची के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में पश्चिमी चंपारण, मधुबनी, सिवान, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के रहने वाले लोग शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों में इरफान आलम, राहुल सिंह, नंदलाल प्रसाद, अजय कुमार, श्याम कुमार यादव, समरशिल, आयुष शर्मा, देवचंद्र परनामी, परमेश्वर राम, संजन कुमार दास, काशीनाथ मंडल और नंदकिशोर यादव शामिल हैं। इनके अलावा तीन महिला कर्मियों की भी गिरफ्तारी की गई है।

संयुक्त टीम ने चलाया अभियान

छापेमारी अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्रीमती रश्मि कुमारी, पुलिस उपाधीक्षक साइबर थाना अकुर कुमार, प्रभारी AHTU पुलिस निरीक्षक सुनील कुमार, प्रभारी CCTNS पुलिस निरीक्षक अमित कुमार, नगर थाना के पर्यवेक्षी पदाधिकारी पुलिस निरीक्षक शमशाद आलम, महिला थाना अध्यक्ष पुलिस अवर निरीक्षक रीना भारती, सहायक अवर निरीक्षक रंजू कुमारी सहित पुलिस केंद्र के पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे।

मधुबनी पुलिस ने कहा है कि नाबालिग बच्चों एवं बालिकाओं को किसी भी प्रकार के शोषण, अवैध रोजगार अथवा मानव तस्करी जैसी गतिविधियों में शामिल करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

अभी अभी

लोकप्रिय खबर