Monday, September 7, 2026
No menu items!
Homeबिहारसड़क हादसे में दिवंगत नर्स रेखा कुमारी को सीएचसी खजौली में श्रद्धांजलि,...

सड़क हादसे में दिवंगत नर्स रेखा कुमारी को सीएचसी खजौली में श्रद्धांजलि, स्वास्थ्यकर्मियों ने रखा दो मिनट का मौन

खजौली, 7 सितंबर। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खजौली में पदस्थापित ए-ग्रेड नर्स (जीएनएम) रेखा कुमारी की सड़क हादसे में हुई आकस्मिक मौत से स्वास्थ्यकर्मियों में शोक की लहर है। दिवंगत नर्स की स्मृति में सोमवार को सीएचसी खजौली में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, जिसमें चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

रेखा कुमारी वर्ष 2020 बैच की नर्स थीं और उनका मूल पदस्थापन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खजौली में था। वर्तमान में वह प्रतिनियुक्ति पर श्री राम जानकी चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, समस्तीपुर में अपनी सेवाएं दे रही थीं।

बताया गया कि रेखा कुमारी स्कूटी से समस्तीपुर से अपने घर लखीसराय जा रही थीं। इसी दौरान दलसिंहसराय के पास हुए सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही सीएचसी खजौली के स्वास्थ्यकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई।

श्रद्धांजलि सभा का नेतृत्व प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. ज्योतीन्द्र नारायण ने किया। इस दौरान सहकर्मियों ने रेखा कुमारी के साथ बिताए कार्यकाल, उनके व्यवहार और सेवाभाव को याद किया।

डॉ. ज्योतीन्द्र नारायण ने कहा कि रेखा कुमारी कर्मठ, जिम्मेदार और निष्ठावान स्वास्थ्यकर्मी थीं। उनके असामयिक निधन से सीएचसी परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं किसी परिवार को पलभर में उजाड़ सकती हैं, इसलिए सभी को यातायात सुरक्षा को गंभीरता से लेना चाहिए।

उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से अपील की कि ड्यूटी पर आने-जाने के लिए जहां संभव हो, ट्रेन और बस जैसे सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें। दोपहिया वाहन का इस्तेमाल आवश्यक होने पर ही करें और वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें तथा यातायात नियमों का पालन करें।

स्वास्थ्यकर्मियों ने कहा कि प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद भी रेखा कुमारी को उनके मूल संस्थान के साथियों ने नहीं भुलाया। उनकी याद में आयोजित श्रद्धांजलि सभा ने स्वास्थ्यकर्मियों के बीच आपसी संवेदना, अपनापन और मानवीय रिश्तों की भावना को सामने रखा।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

अभी अभी

लोकप्रिय खबर