मधुबनी। जिले में 3 से 18 वर्ष आयु वर्ग के दिव्यांग बच्चों के दिव्यांगता प्रमाण-पत्र एवं UDID (Unique Disability ID) कार्ड बनाने को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए जिले के सभी संबंधित प्रखंडों में प्रखंड स्तर पर मेडिकल जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा।
बिहार शिक्षा परियोजना परिषद, पटना के निर्देश के आलोक में यह शिविर 7 सितंबर 2026 से 10 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। जिला स्तर से जारी कार्यालय आदेश में संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को शिविर के सफल संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
21 प्रखंडों में लगेगा मेडिकल कैंप
जारी कार्यक्रम के अनुसार सबसे पहला कैंप 7 सितंबर को मधेपुर में होगा। इसके बाद अलग-अलग तिथियों पर जिले के अन्य प्रखंडों में शिविर आयोजित किए जाएंगे।
प्रखंडवार कैंप की पूरी सूची
मधेपुर — 7 सितंबर 2026, बीआरसीओ मधेपुर
लखनौर — 8 सितंबर 2026, राजकीय मध्य विद्यालय उमरी, लखनौर
अंधराठाढ़ी — 9 सितंबर 2026, बीआरसीओ अंधराठाढ़ी
झंझारपुर — 11 सितंबर 2026, बीआरसीओ झंझारपुर
खजौली — 12 सितंबर 2026, बीआरसीओ खजौली
बाबूबरही — 15 सितंबर 2026, बीआरसीओ बाबूबरही
राजनगर — 16 सितंबर 2026, बीआरसीओ राजनगर
कलुआही — 18 सितंबर 2026, बीआरसीओ कलुआही
पंडौल — 19 सितंबर 2026, बीआरसीओ पंडौल
रहिका — 21 सितंबर 2026, संसाधन केंद्र +2 उच्च विद्यालय वाटसन, रहिका
लौकही — 22 सितंबर 2026, बीआरसीओ लौकही
खुटौना — 23 सितंबर 2026, बीआरसीओ खुटौना
घोघरडीहा — 26 सितंबर 2026, बीआरसीओ घोघरडीहा
फुलपरास — 28 सितंबर 2026, बीआरसीओ फुलपरास
बासोपट्टी — 29 सितंबर 2026, बीआरसीओ बासोपट्टी
लदनियां — 30 सितंबर 2026, राजकीय मध्य विद्यालय कन्या, लदनियां
जयनगर — 3 अक्टूबर 2026, बीआरसीओ जयनगर
बिस्फी — 6 अक्टूबर 2026, बीआरसीओ बिस्फी
हरलाखी — 7 अक्टूबर 2026, बीआरसीओ हरलाखी
मधवापुर — 9 अक्टूबर 2026, राजकीय मध्य विद्यालय साहिर घाट, मधवापुर
बेनीपट्टी — 10 अक्टूबर 2026, बीआरसीओ बेनीपट्टी
यह कार्यक्रम PDF में दी गई तालिका के अनुसार है।
स्वास्थ्य, समाज कल्याण और शिक्षा विभाग की होगी अहम भूमिका
मेडिकल कैंप के दौरान दिव्यांग बच्चों के प्रमाणिकरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। आदेश में स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सकों की टीम उपलब्ध कराने तथा दिव्यांग बच्चों की जांच से संबंधित आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
वहीं समाज कल्याण विभाग को UDID कार्ड के लिए आवेदन की प्रक्रिया सुनिश्चित करने तथा संबंधित स्तर पर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने को कहा गया है। शिक्षा विभाग को मेडिकल जांच टीम के लिए कैंप स्थल पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
आदेश में यह भी कहा गया है कि प्रत्येक प्रखंड में आयोजित होने वाले शिविर में संबंधित दिव्यांग बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक समन्वय किया जाए। पंचायत स्तर से लेकर विद्यालय स्तर तक संबंधित कर्मियों को बच्चों को मेडिकल कैंप तक लाने की जिम्मेदारी दी गई है। इसमें आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका/सहायिका, स्वास्थ्य विभाग की आशा, शिक्षा सेवक एवं तालीमी मरकज तथा प्रधानाध्यापक/प्रभारी प्रधानाध्यापक की भूमिका तय की गई है।
जिला प्रशासन ने समय पर अभियान पूरा करने पर दिया जोर
जारी आदेश के अनुसार 3 से 18 वर्ष आयु वर्ग के दिव्यांग बच्चों का प्रमाणिकरण एवं UDID कार्ड निर्माण का कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरा कराया जाना है। जिला प्रशासन की ओर से संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया गया है।
