मधुबनी, 1 जुलाई 2026:
भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों की समस्याओं के प्रभावी और समयबद्ध समाधान के उद्देश्य से जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, मधुबनी द्वारा मासिक “शौर्य संवाद” बैठक का आयोजन 30 जून 2026 को प्रखंड कृषि कार्यालय, रहिका में किया गया।
बैठक की अध्यक्षता जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी कमांडर रामजी राय (सेवानिवृत्त) ने की।
बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में भूतपूर्व सैनिक एवं उनके आश्रित उपस्थित रहे। इस दौरान पूर्व सैनिकों से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक, विधिक एवं कल्याणकारी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिनिधियों ने भूतपूर्व सैनिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कानूनी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं की जानकारी भी दी।
बैठक के दौरान भूतपूर्व सैनिकों ने जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के लिए एकीकृत भवन हेतु भूमि आवंटन की मांग प्रमुखता से उठाई। उनका कहना था कि एक समर्पित भवन उपलब्ध होने से पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर आसानी से मिल सकेंगी। इसके अलावा पुलिस हेल्प डेस्क के अपेक्षित रूप से कार्य नहीं करने तथा भूमि संबंधी मामलों के समयबद्ध निष्पादन नहीं होने पर भी उन्होंने चिंता और असंतोष व्यक्त किया।
जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी कमांडर रामजी राय (सेवानिवृत्त) ने संबंधित अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता बरती जाए। उन्होंने कहा कि देश की सेवा करने वाले सैनिकों और उनके परिवारों की समस्याओं का शीघ्र समाधान प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने यह भी बताया कि “शौर्य संवाद” बैठक का उद्देश्य भूतपूर्व सैनिकों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि उनकी समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जा सके। इसके लिए इस प्रकार की बैठकें नियमित रूप से आयोजित की जाएंगी।
बैठक में मौजूद सभी प्रतिनिधियों ने भूतपूर्व सैनिकों के कल्याण, उनकी सुविधाओं में सुधार तथा लंबित समस्याओं के समाधान के लिए समन्वित और सकारात्मक प्रयास करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
