Saturday, May 23, 2026
No menu items!
Homeबिहारजिलाधिकारी ने सीडीपीओ के साथ की समीक्षा बैठक, योजनाओं में तेजी लाने...

जिलाधिकारी ने सीडीपीओ के साथ की समीक्षा बैठक, योजनाओं में तेजी लाने के दिए निर्देश

 

मधुबनी, 23 मई 2026:

समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी आनंद शर्मा की अध्यक्षता में जिले के सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों (सीडीपीओ) के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने सभी सीडीपीओ को विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर लंबित कार्यों को पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

यूसी एवं डीसी लंबित मामलों पर जताई नाराजगी

बैठक के दौरान उपयोगिता प्रमाण पत्र (यूसी) एवं व्यय विवरणी (डीसी) से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा की गई। कई परियोजनाओं में विपत्र लंबित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने चिंता व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित यूसी एवं डीसी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करें और इसकी अद्यतन रिपोर्ट नियमित रूप से जिला कार्यालय को उपलब्ध कराएं।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि वित्तीय प्रतिवेदनों में देरी से विकासात्मक योजनाओं की प्रगति प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

पोषण ट्रैकर ऐप की हुई समीक्षा

बैठक में पोषण ट्रैकर ऐप के अंतर्गत डेटा प्रविष्टि एवं अन्य कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि पोषण ट्रैकर से संबंधित सभी सूचनाओं की शत-प्रतिशत प्रविष्टि सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि या लंबित डेटा को तत्काल अपडेट किया जाए।

पीएम मातृ वंदना एवं कन्या उत्थान योजना पर विशेष जोर

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत आवेदन प्रविष्टि की स्थिति की समीक्षा के दौरान जिले की उपलब्धि अपेक्षाकृत कम पाई गई, जिस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की।

उन्होंने सभी सीडीपीओ को निर्देश दिया कि आंगनबाड़ी सेविकाओं के माध्यम से पात्र लाभार्थियों की पहचान कर अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त किए जाएं। साथ ही योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए विशेष अभियान चलाने और आवेदन प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि ये योजनाएं महिलाओं एवं बालिकाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाएं हैं, इसलिए पात्र लाभार्थियों तक इनका लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

माह के अंत में होगी पुनः समीक्षा

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि माह के अंत में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पुनः समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें सभी परियोजनाओं की प्रगति, निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति तथा लंबित कार्यों के निष्पादन की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।

आपदा प्रबंधन को लेकर अपील

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपदा या आपात स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06276-222576 पर संपर्क करें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

अभी अभी

लोकप्रिय खबर