सीमा क्षेत्र में अवैध वसूली और रंगदारी पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
मधुबनी, 22 मई 2026:
भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र अंतर्गत हरिणे बॉर्डर के समीप सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर दुकान निर्माण एवं लंबे समय से कथित रंगदारी और अवैध वसूली करने के मामले में प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए दो लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रशासन द्वारा की गई जांच के बाद शहीद अंसारी एवं सबीर अंसारी, पिता लतीफ अंसारी, निवासी ग्राम हरिणे, थाना हरलाखी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कराया गया है।
प्रशासन का कहना है कि सीमा क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण, अवैध निर्माण अथवा अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि सरकारी संपत्ति आम जनता की धरोहर है और उस पर अवैध कब्जा कर निजी लाभ उठाने वालों को चिन्हित कर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण, अवैध निर्माण या रंगदारी जैसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा, निर्माण या अवैध वसूली की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन या पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
