मधुबनी | 16 मई 2026
मधुबनी जिले के अरेर थाना क्षेत्र से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने लोगों को भावुक कर दिया। माधवापट्टी गांव में झाड़ियों के बीच परित्यक्त अवस्था में मिली एक नवजात बच्ची को स्थानीय लोगों की संवेदनशीलता और प्रशासन की तत्परता ने नया जीवन और सुरक्षित आश्रय दिया।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी मोहम्मद अनीश ने झाड़ियों में नवजात बच्ची के रोने की आवाज सुनी। पास जाकर देखने पर बच्ची परित्यक्त अवस्था में मिली। उन्होंने बिना देर किए बच्ची को सुरक्षित अपने घर ले जाकर उसकी देखभाल की और तुरंत संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही चाइल्ड हेल्पलाइन एवं जिला बाल संरक्षण इकाई की टीम सक्रिय हो गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर बच्ची का सुरक्षित रेस्क्यू किया और आवश्यक चिकित्सकीय जांच कराई। विधिसम्मत प्रक्रिया पूरी होने के बाद बाल कल्याण समिति, मधुबनी के निर्देश पर बच्ची को विशिष्ट दत्तकग्रहण संस्थान (SAA), मधुबनी में सुरक्षित संरक्षण के लिए भेज दिया गया।
नवजात बच्ची के सुरक्षित पहुंचने पर विशिष्ट दत्तकग्रहण संस्थान परिसर में एक भावुक स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई मधुबनी श्री नितेश कुमार पाठक की मौजूदगी में बच्ची के उज्ज्वल भविष्य और सुरक्षित जीवन की कामना की गई। इस दौरान केक काटकर बच्ची के नए जीवन का स्वागत किया गया तथा सभी ने तालियों के साथ मानवता और बाल संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि हर बच्चे को सुरक्षित बचपन, स्नेह और सम्मान पाने का अधिकार है। समाज के लोगों से अपील की गई कि ऐसे मामलों में संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत प्रशासन या चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचना दें, ताकि बच्चों की सुरक्षा समय रहते सुनिश्चित की जा सके।
मौके पर बाल संरक्षण पदाधिकारी, जिला बाल संरक्षण इकाई के कर्मी, विशिष्ट दत्तकग्रहण संस्थान (SAA) के कर्मचारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने मोहम्मद अनीश द्वारा दिखाई गई मानवता और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए कहा कि समाज में ऐसे सकारात्मक उदाहरण दूसरों के लिए प्रेरणा का कार्य करते हैं।
