Tuesday, November 17, 2026
No menu items!
Homeजुर्मइंसानियत की सेवा करने निकले सिकंदर खान की मौत ने खड़े किए...

इंसानियत की सेवा करने निकले सिकंदर खान की मौत ने खड़े किए गंभीर सवाल, नजरे आलम ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

 

बीमार दलित परिवार की महिला को रक्तदान करने अस्पताल पहुंचे थे सिकंदर खान, कथित पिटाई के बाद पटना में इलाज के दौरान मौत

रफीगंज। इंसानियत की सेवा के लिए एक बीमार दलित परिवार की महिला को रक्तदान करने अस्पताल पहुंचे सिकंदर खान की इलाज के दौरान मौत का मामला सामने आया है। रफीगंज के ग्राम चरकुप्पा निवासी सिकंदर खान की मौत के बाद घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है। आरोप है कि अस्पताल में उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिसके बाद गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए पटना ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।

इस घटना को लेकर ऑल इंडिया मुस्लिम बेदारी कारवाँ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं जदयू नेता नजरे आलम ने गहरी नाराजगी जताते हुए इसे इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना बताया है।

नजरे आलम के अनुसार, सिकंदर खान का कसूर सिर्फ इतना था कि वे एक बीमार दलित परिवार की महिला की मदद करने और उसे रक्तदान करने अस्पताल पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान उन्हें अस्पताल के एक कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा गया। गंभीर रूप से घायल सिकंदर खान जिंदगी और मौत से जूझते रहे और अंततः पटना में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

“इंसानियत की सेवा करने की सजा मौत कब से हो गई?”

नजरे आलम ने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर कोई व्यक्ति किसी जरूरतमंद की मदद करने और रक्तदान करने अस्पताल पहुंचता है, तो उसके साथ हिंसा और बर्बरता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती।

उन्होंने कहा कि यह महज मारपीट का मामला नहीं है, बल्कि यदि लगाए गए आरोप जांच में सही पाए जाते हैं तो यह बेहद गंभीर आपराधिक घटना है। किसी भी विवाद का जवाब हिंसा और बर्बरता नहीं हो सकता।

नजरे आलम ने सरकार और प्रशासन से की ये मांगें

नजरे आलम ने बिहार सरकार और प्रशासन से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि—

1. संबंधित अस्पताल की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जांच पूरी होने तक आवश्यक कार्रवाई की जाए।

2. घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार हत्या की धाराओं में कार्रवाई की जाए।

3. मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की दिशा में पहल की जाए और दोष सिद्ध होने पर कड़ी सजा दिलाई जाए।

4. अस्पताल प्रबंधन और घटना से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी गहन जांच हो।

5. सिकंदर खान के परिवार को उचित मुआवजा और सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।

“सिकंदर खान को न्याय मिलना चाहिए”

नजरे आलम ने कहा कि सिकंदर खान को न्याय मिलना सिर्फ उनके परिवार की लड़ाई नहीं है, बल्कि यह इंसानियत और न्याय की लड़ाई है। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ बिना किसी दबाव के सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि ऐसे मामले को दबने नहीं दिया जाना चाहिए और पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक प्रशासन को गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए।

अंत में नजरे आलम ने मरहूम सिकंदर खान के लिए दुआ करते हुए कहा कि अल्लाह पाक उनकी मगफिरत फरमाए, उन्हें जन्नतुल फिरदौस में आला मकाम अता करे और उनके परिवार को सब्र-ए-जमील दे।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

अभी अभी

लोकप्रिय खबर