मधुबनी, 10 नवंबर 2026। मधुबनी जिले के लाखों पेंशनधारियों के लिए मंगलवार का दिन राहत भरी खबर लेकर आया। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत राज्यभर के लाभुकों के बैंक खातों में पेंशन की राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की। इसी क्रम में मधुबनी जिले के 5,33,333 पेंशनधारियों के खातों में 58 करोड़ 66 लाख 66 हजार 300 रुपये की राशि भेजी गई।
खास बात यह रही कि पेंशनधारियों की संख्या और उनके खातों में भेजी गई कुल राशि—दोनों मामलों में मधुबनी जिला पूरे बिहार में नंबर वन रहा।
पटना में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम से मधुबनी के जिलाधिकारी आनंद शर्मा सहित जिले के कई लाभुक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
किस योजना में कितने लाभुकों को मिली राशि?
मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के तहत 2,79,886 पेंशनधारियों के खातों में 30 करोड़ 78 लाख 74 हजार 600 रुपये भेजे गए।
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 1,60,220 लाभुकों के खातों में 17 करोड़ 62 लाख 42 हजार रुपये का अंतरण हुआ।
वहीं, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 21,507 लाभुकों को 2 करोड़ 36 लाख 57 हजार 700 रुपये मिले।
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के तहत 34,078 लाभुकों के खातों में 3 करोड़ 74 लाख 85 हजार 800 रुपये भेजे गए।
इसके अलावा बिहार नि:शक्तता पेंशन योजना के 30,989 लाभुकों को 3 करोड़ 40 लाख 87 हजार 900 रुपये, जबकि इंदिरा गांधी राष्ट्रीय नि:शक्तता पेंशन योजना के 6,653 पेंशनधारियों के खातों में 73 लाख 18 हजार 300 रुपये का अंतरण किया गया।
डीएम आनंद शर्मा ने पेंशनधारियों को दी शुभकामनाएं
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने जिले के सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखी और मंगलमय जीवन की कामना की।
डीएम ने कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को सामाजिक सुरक्षा देना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को पात्र लाभुकों तक पेंशन का लाभ समय पर पहुंचाने और डीबीटी के माध्यम से राशि अंतरण की प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
मधुबनी के 5.33 लाख से अधिक पेंशनधारियों के खातों में एक साथ 58.66 करोड़ रुपये से अधिक की राशि पहुंचना जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है। पेंशनधारियों की संख्या और अंतरित राशि के मामले में बिहार में पहला स्थान हासिल करना इस उपलब्धि को और खास बनाता है।
