मधुबनी, 16 सितंबर 2026: यूनाइटेड मिथिला फेडरेशन के तत्वावधान में बुधवार को रीजनल सेकेंडरी स्कूल के सुधीर मेमोरियल हॉल में एक विशेष शैक्षणिक सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में UPSC 2026 में सफल हुए सात छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया और विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए उन्हें सफलता की राह पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के निदेशक डॉ. राम श्रृंगार पांडे ने UPSC में सफल सभी सात अभ्यर्थियों को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
सेमिनार में सफल अभ्यर्थियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान अनेक तरह की कठिनाइयों और चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए छात्रों को बताया कि इन चुनौतियों से किस तरह निपटा जा सकता है और लक्ष्य के प्रति लगातार मेहनत कैसे जारी रखी जाए।
अभ्यर्थियों ने विद्यार्थियों से कहा कि किसी भी परिस्थिति में निराश नहीं होना चाहिए और अपने मिशन को बीच में नहीं छोड़ना चाहिए। उन्होंने छात्रों को अपने कर्तव्य और लक्ष्य के प्रति ईमानदार रहने तथा मेहनत में लापरवाही नहीं बरतने की सलाह दी।
UPSC सफल अभ्यर्थियों ने साझा किए अनुभव
कार्यक्रम में UPSC 2026 में सफल हुए आकाश कुमार, उज्जवल प्रियांक, हर्षवर्धन अशोक, यशस्वी राज वर्धन, कुमार विवेकानंद, प्राची हनी और राघव झुनझुनवाला ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। सभी ने अपनी तैयारी के अनुभव और सफलता के दौरान सामने आई चुनौतियों के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने तथा असफलताओं से सीख लेकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। साथ ही भविष्य में बेहतर सफलता के लिए विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
डॉ. आर.एस. पांडे ने कहा- ऐसे आयोजन से बढ़ता है बच्चों का उत्साह
विद्यालय के निदेशक डॉ. आर.एस. पांडे ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों के लिए बेहद उत्साहवर्धक होते हैं। सफल अभ्यर्थियों से सीधे संवाद करने और उनके अनुभव सुनने से बच्चों को अपने लक्ष्य के प्रति प्रेरणा मिलती है। उन्होंने UPSC सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार झा ने भी सफल अभ्यर्थियों को अपनी ओर से तथा पूरे विद्यालय परिवार की ओर से शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों के अंदर जिम्मेदारी और अपने भविष्य को लेकर गंभीरता का एहसास कराते हैं।
विद्यालय के एकेडमिक निदेशक प्रत्यूष परिमल ने कार्यक्रम में शामिल सभी सफल अभ्यर्थियों के प्रति आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने आयोजन के लिए सुमित जय को भी धन्यवाद ज्ञापित किया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में विद्यालय के उप प्राचार्य पवन कुमार तिवारी, प्रशासक राजीव कुमार, काउंसलर मधु कुमारी ज्योत्सना, राधा मोहन झा, सुमित चौधरी, राजाराम, अमित कुमार शाही, हनुमान झा, श्रीपति ठाकुर, संगीता, रवींद्र झा, श्रुति सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन शिक्षिका अंजली सिंह ने किया।
