Monday, September 7, 2026
No menu items!
Homeबिहारडॉ. मीनाक्षी कुमारी को नवरत्न सम्मान

डॉ. मीनाक्षी कुमारी को नवरत्न सम्मान

राष्ट्रपति शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित डॉ. मीनाक्षी कुमारी को मिला ‘नवरत्न सम्मान’, बेटियों की शिक्षा और बाल विवाह रोकथाम में योगदान की सराहना

मधुबनी/रोसड़ा (समस्तीपुर)। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने और बालिकाओं की शिक्षा, बाल विवाह की रोकथाम तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार किए जा रहे प्रयासों के लिए मधुबनी की शिक्षिका एवं प्रधानाध्यापिका डॉ. मीनाक्षी कुमारी को राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान 2026 के अंतर्गत ‘नवरत्न सम्मान’ से सम्मानित किया गया।

मुसाय नायक सीता देवी एजुकेशनल ट्रस्ट, रोसड़ा (समस्तीपुर) की ओर से आयोजित राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन पालकी होटल के सभागार में किया गया। समारोह में केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी ने डॉ. मीनाक्षी कुमारी को सम्मान प्रदान किया। डॉ. मीनाक्षी कुमारी वर्तमान में उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, सलहा, बेनीपट्टी, मधुबनी की प्रधानाध्यापिका हैं। उन्हें वर्ष 2024 में राष्ट्रपति शिक्षक पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।

शिक्षा के साथ सामाजिक बदलाव की मुहिम
डॉ. मीनाक्षी कुमारी ने शिक्षण कार्य को केवल विद्यालय तक सीमित न रखते हुए शिक्षा के माध्यम से सामाजिक बदलाव की दिशा में भी लगातार पहल की है। खासकर बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने, बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ जागरूकता फैलाने और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उनके प्रयासों की सराहना की जाती रही है।

उनके कार्यों में माहवारी स्वच्छता प्रबंधन को लेकर किशोरियों एवं छात्राओं के बीच जागरूकता, बच्चों को साइबर अपराध और साइबर सुरक्षा के प्रति सजग करना तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े जल-जीवन-हरियाली अभियान को बढ़ावा देना भी शामिल है।

इसके अलावा डॉ. मीनाक्षी कुमारी ‘खुद भी पढ़ो, औरों को भी पढ़ाओ’ अभियान तथा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, बेटी को आत्मनिर्भर बनाओ’ जैसे संदेशों को विद्यार्थियों और समाज तक पहुंचाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करती रही हैंl

केंद्रीय मंत्री ने की कार्यों की सराहना
सम्मान समारोह के दौरान केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी ने डॉ. मीनाक्षी कुमारी के शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे ऐसे प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। मंत्री ने डॉ. मीनाक्षी कुमारी के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।

डॉ. मीनाक्षी कुमारी को दिया गया यह सम्मान विशेष रूप से शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान, बालिकाओं की शिक्षा, बाल विवाह रोकथाम और बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए गए उल्लेखनीय कार्यों को देखते हुए प्रदान किया गया।

देशभर के करीब 100 शिक्षकों को सम्मान
राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान 2026 के इस कार्यक्रम में पूरे भारतवर्ष से शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले करीब 100 उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया। ऐसे में डॉ. मीनाक्षी कुमारी को ‘नवरत्न सम्मान’ मिलना मधुबनी जिले के लिए भी गौरव की बात मानी जा रही है।

राष्ट्रपति शिक्षक पुरस्कार के बाद राष्ट्रीय स्तर के इस सम्मान से एक बार फिर डॉ. मीनाक्षी कुमारी के शिक्षा एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को राष्ट्रीय मंच पर पहचान मिली है।

समारोह में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
सम्मान समारोह में मुसाय नायक सीता देवी एजुकेशनल ट्रस्ट के अध्यक्ष सत्येंद्र नायक, केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी, श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, विधान परिषद सदस्य डॉ. तरुण कुमार, विधायक वीरेंद्र कुमार, पूर्व विधान परिषद सदस्य सुमन कुमार महासेठ, बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद के सदस्य सायन कुणाल तथा भाजपा नेत्री चेतना झां सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित करते हुए उनके योगदान को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया गया। डॉ. मीनाक्षी कुमारी के सम्मानित होने पर शिक्षा जगत से जुड़े लोगों और उनके शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त की और इसे मधुबनी के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

अभी अभी

लोकप्रिय खबर