मधुबनी, 21 जुलाई 2026:
प्रशासन को आमजन के और अधिक करीब लाने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को बिस्फी प्रखंड की सदुलहपुर पंचायत में “सहयोग शिविर” का आयोजन किया गया। शिविर में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सुमन प्रसाद साह ने स्वयं उपस्थित होकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 51 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 44 आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द समाधान के लिए भेजा गया। इसके अलावा, शिविर से पहले सहयोग पोर्टल के माध्यम से प्राप्त 25 ऑनलाइन आवेदनों का भी शत-प्रतिशत निष्पादन सुनिश्चित किया गया।
उप विकास आयुक्त सुमन प्रसाद साह ने कहा कि “सहयोग शिविर” का मुख्य उद्देश्य प्रशासन को आमजन के द्वार तक पहुंचाना, उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पात्र लाभुकों तक पहुंचाना है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि लंबित आवेदनों का भी गुणवत्तापूर्ण एवं शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए ताकि लोगों को अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा सूचना एवं सेवा स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र लाभुकों से आवेदन और शिकायतें भी प्राप्त की गईं। ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को सीधे प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रखा, जिससे कई मामलों का तत्काल समाधान संभव हो सका।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. हरेन्द्र कुमार, डीएसपी बेनीपट्टी, कार्यपालक अभियंता, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे और शिविर के सफल संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे ऐसे सहयोग शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपनी समस्याओं और शिकायतों को प्रशासन के समक्ष रखकर उनका समयबद्ध समाधान प्राप्त करें।
