मधुबनी | 30 जून 2026:
भेजा थाना क्षेत्र में महिला के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार से जुड़े वायरल वीडियो मामले में मधुबनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डायल-112 में तैनात सहायक अवर निरीक्षक (एसआई) हरेंद्र सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक महिला ने डायल-112 की पुलिस टीम पर मारपीट और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, झंझारपुर को तत्काल जांच का निर्देश दिया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस का कहना है कि डायल-112 की टीम को एक युवती के कथित अपहरण की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, टीम के पहुंचते ही युवती और आरोपी युवक को परिजनों ने पिछले दरवाजे से बाहर निकाल दिया। संदिग्धों को पकड़ने की कोशिश के दौरान पुलिस द्वारा हल्का बल प्रयोग किया गया, जिसमें वहां मौजूद एक महिला असंतुलित होकर गिर गईं। महिला ने आंख के पास चोट लगने की शिकायत की, जिसके बाद उन्हें स्थानीय अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया।
चिकित्सकीय जांच में चोट को सामान्य बताया गया है।
हालांकि, पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीर मानते हुए कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में एसआई हरेंद्र सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही वायरल वीडियो, घटनास्थल की परिस्थितियों और दोनों पक्षों के दावों की गहन जांच के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, झंझारपुर को अधिकृत किया गया है।
पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर निष्पक्ष, विधिसम्मत और सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस ने निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
