मधुबनी, 07 जून।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिला अध्यक्ष प्रभांशु झा ने किया, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में मधुबनी के लोकप्रिय सांसद डॉ. अशोक कुमार यादव शामिल हुए।
सांसद डॉ. अशोक कुमार यादव ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और लगातार घटते हरित क्षेत्र पर्यावरण के लिए गंभीर चुनौती बनते जा रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह प्रकृति के संरक्षण के लिए आगे आए और कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए।
उन्होंने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अपनी मां और प्रकृति के प्रति सम्मान और समर्पण का प्रतीक है। सांसद ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को पौधे वितरित करते हुए उनकी सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष प्रभांशु झा ने कहा कि पार्टी के सभी पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष और कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में पौधारोपण करें तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें संरक्षित रखें। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण जनभागीदारी से ही संभव है और भाजपा कार्यकर्ता इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय परिषद सदस्य देवेंद्र कुमार यादव, जिला महामंत्री सुबोध कुमार चौधरी, जिला उपाध्यक्ष राधा देवी एवं सतीश ठाकुर, जिला मीडिया प्रभारी मनोज कुमार मुन्ना, कार्यक्रम संयोजक रोहित कुमार प्रसाद सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वृक्षारोपण कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने तथा समाज में प्रकृति के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।
