आरटीई प्रतिपूर्ति राशि के शीघ्र भुगतान की मांग, सरकार से सकारात्मक सोच अपनाने की अपील
मधुबनी | 24 मई 2026
मिथिलांचल सहोदय मधुबनी के तत्वावधान में रविवार को रीजनल सेकेंडरी स्कूल, मधुबनी के सभा कक्ष में जिले के सीबीएसई संबद्ध विद्यालयों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसोसियेशन के अध्यक्ष डॉ. आर. एस. पाण्डेय ने की। बैठक में जिले के लगभग सभी निजी एवं स्ववित्तपोषित विद्यालयों के निदेशक, प्राचार्य एवं शिक्षाविद शामिल हुए।
बैठक में शिक्षा व्यवस्था, निजी विद्यालयों के समक्ष उत्पन्न चुनौतियों तथा विद्यालय संचालन में हो रहे अनावश्यक हस्तक्षेप जैसे विषयों पर गंभीर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि स्ववित्तपोषित विद्यालय छात्रहित, जनहित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के उद्देश्य से कार्य कर रहे हैं, लेकिन समय-समय पर विभागीय हस्तक्षेप और कठोर रवैये से शैक्षणिक माहौल प्रभावित होता है।
सदस्यों ने कहा कि विद्यालयों और स्टेकहोल्डर्स के बीच बेहतर समन्वय एवं सहृदयता के बावजूद विभाग द्वारा धमकी भरे लहजे में कार्रवाई की बात करना शिक्षा जगत के लिए चिंताजनक है। बैठक में इस बात पर भी चिंता जताई गई कि प्राइवेट इंडिपेंडेंट एफिलिएटिड स्कूलों का भविष्य सुरक्षित और संरक्षित कैसे रखा जाए, यह आज शिक्षा क्षेत्र के सामने बड़ा प्रश्न बन चुका है।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि सभी विद्यालय एकजुट होकर शिक्षा, समाज और राष्ट्रहित में मजबूती से कार्य करेंगे। साथ ही नेक उद्देश्यों एवं शिक्षा के अधिकारों की रक्षा के लिए सामूहिक संघर्ष की प्रतिबद्धता भी जताई गई।
आरटीई एक्ट के तहत 25 प्रतिशत नामांकित बच्चों के एवज में लंबित प्रतिपूर्ति राशि के अविलंब भुगतान की मांग प्रमुखता से उठाई गई। इस संबंध में संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्मार पत्र भेजने का निर्णय लिया गया। सदस्यों ने सरकार एवं शिक्षा विभाग से निजी विद्यालयों के प्रति सकारात्मक एवं सहयोगात्मक दृष्टिकोण अपनाने की अपेक्षा की।
बैठक में अगली बैठक अगस्त महीने में आयोजित करने पर भी सहमति बनी। बैठक में डॉ. आर. एस. पाण्डेय, मनोज कुमार झा, डॉ. विजय रंजन, अमरेश मिश्रा, डॉ. कैलाश भारद्वाज, राजेंद्र कुमार झा, सूर्य नारायण सिंह यादव, अखिल कुमार झा, प्रवीण कुमार सिंह, कुंतल प्रिया, बी. के. झा, अभिषेक कुमार, वीरेंद्र कुमार प्रतिहस्त, अमिर गुरुंग, मुकुंद कुमार झा, बरगन स्टीफन, प्रत्यूष परिमल, नित्यानंद राय, अरुण यादव, राजाराम झा, राधा मोहन झा, राम अनेक ठाकुर सहित जिले के कई विद्यालयों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन रीजनल सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार झा ने किया।
