मधुबनी, 23 मई 2026:
मौसम विभाग द्वारा जारी तात्कालिक चेतावनी के बाद मधुबनी जिला प्रशासन ने जिले के कई प्रखंडों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार शनिवार शाम 05:05 बजे से रात 08:05 बजे तक जिले के कुछ इलाकों में तेज आंधी, बारिश, वज्रपात एवं खराब मौसम की आशंका जताई गई है।
संभावित खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने आम लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि मौसम खराब होने के दौरान लोग अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें तथा सुरक्षित स्थानों पर रहें।
प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों में कहा गया है कि:
बिजली चमकने के दौरान पेड़, बिजली के खंभे एवं खुले मैदान से दूर रहें।
किसान खेतों में कार्य करने से बचें।
मोबाइल फोन का उपयोग खुले स्थान पर कम करें।
बच्चे एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।
तेज हवा एवं बारिश के दौरान कच्चे मकानों और कमजोर ढांचों से दूर रहें।
किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन विभाग को तुरंत सूचना दें।
जिला प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा केवल आधिकारिक सूचना पर भरोसा करने की अपील की है। प्रशासन लगातार मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
जिला प्रशासन ने अपने संदेश में कहा है— “आपदा नहीं हो भारी, यदि पूरी हो तैयारी।”
यह चेतावनी जिला प्रशासन (सूचना एवं जनसंपर्क), मधुबनी द्वारा जनहित में जारी की गई है।
