मधुबनी | 16 मई 2026
मधुबनी पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने एक परिवार की चिंता को महज चार घंटे में खुशी में बदल दिया। भेजा थाना क्षेत्र से लापता हुए 15 वर्षीय किशोर को पुलिस ने तेजी दिखाते हुए दरभंगा जिले से सकुशल बरामद कर लिया। बेटे के सुरक्षित मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस की जमकर सराहना की।
जानकारी के अनुसार, भेजा थाना क्षेत्र के टेंगरहा गांव निवासी घनश्याम यादव का पुत्र आशीष कुमार यादव शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे घर से निकला था। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिवार की चिंता बढ़ गई। काफी खोजबीन के बाद भी जब किशोर का कोई पता नहीं चला, तब परिजनों ने शाम करीब 3 बजे भेजा थाना में इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही भेजा थाना पुलिस पूरी तरह सक्रिय हो गई। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान, आपसी समन्वय और त्वरित सूचना तंत्र की मदद से लगातार खोजबीन शुरू की। पुलिस की मेहनत रंग लाई और सूचना मिलने के मात्र चार घंटे के भीतर किशोर को दरभंगा जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया।
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने किशोर को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बेटे को सुरक्षित देखकर परिवार भावुक हो उठा और मधुबनी पुलिस का आभार जताया।
मधुबनी पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध घटना की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या डायल-112 पर दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
