Tuesday, May 12, 2026
No menu items!
Homeदुर्घटनासीतामढ़ी में आंधी का कहर: बिजली का पोल गिरने से ननद-भाभी की...

सीतामढ़ी में आंधी का कहर: बिजली का पोल गिरने से ननद-भाभी की मौत, युवक गंभीर

 

 

सीतामढ़ी (बिहार), संवाददाता:

जिले में सोमवार शाम आई तेज आंधी एक परिवार के लिए जानलेवा साबित हुई। सीतामढ़ी-पुपरी स्टेट हाईवे पर पकड़ी चौक के पास तेज हवा के कारण बिजली का पोल गिर गया, जिसकी चपेट में आने से बाइक सवार दो महिलाओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

कैसे हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, बाजपट्टी थाना क्षेत्र के कचहरीपुर इस्लामपुर टोला निवासी शहनबाज उर्फ मोहम्मद समद अपनी पत्नी रकीबा खातून और बहन निखत परवीन (पति– मोहम्मद अरमान, निवासी भलही बथनाहा) के साथ बाइक से सीतामढ़ी से अपने घर लौट रहे थे।

इसी दौरान शाम को अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी चलने लगी। जैसे ही उनकी बाइक पकड़ी चौक स्थित बुनियादी विद्यालय के पास पहुंची, सड़क किनारे लगा बिजली का पोल टूटकर सीधे बाइक पर गिर पड़ा।

दो महिलाओं की मौके पर मौत

बिजली के भारी पोल के नीचे दबने से रकीबा खातून और निखत परवीन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहा शहनबाज गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत सीतामढ़ी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

खुशियां मातम में बदलीं

बताया जा रहा है कि परिवार में शादी का माहौल था और सभी लोग तैयारियों में जुटे थे। लेकिन अचानक आई इस आपदा ने खुशियों को मातम में बदल दिया।

मासूम बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतका रकीबा खातून अपने पीछे ढाई साल का बेटा सैफ अली और एक साल की बेटी को छोड़ गई हैं। दोनों मासूम अपनी मां की मौत से अनजान हैं, लेकिन घर में पसरे मातम के बीच उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही भासर पिकेट प्रभारी रविकांत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, यह हादसा तेज आंधी के कारण बिजली का पोल गिरने से हुआ है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

गांव में पसरा सन्नाटा

इस हृदयविदारक घटना के बाद कचहरीपुर इस्लामपुर टोला में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। पूरे गांव में शोक की लहर है और लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

अभी अभी

लोकप्रिय खबर