मधुबनी जिला से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। जिले के कलुआही प्रखंड अंतर्गत मलमल दक्षिणी पंचायत में 50 वर्षीय आसा देवी की हत्या कर दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला का शव उनके घर के अंदर कंबल में लिपटा हुआ मिला। इस घटना का खुलासा तब हुआ जब परिजनों को फोन के माध्यम से सूचना मिली। सूचना मिलते ही जब परिजन घर पहुंचे तो दरवाजा बंद था। अंदर प्रवेश करने पर उन्होंने आसा देवी की लाश पड़ी देखी, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
इस सनसनीखेज हत्या के मामले में मृतका की बहू पूनम देवी पर आरोप लगाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद से वह फरार है, जिससे शक और गहरा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस घटना के बाद गांव में गुस्से और भय का माहौल है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में मातम और आक्रोश का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है।
