मधुबनी | जयनगर से रिपोर्ट
मधुबनी जिले के जयनगर रेलवे स्टेशन पर उस समय प्रशासनिक सक्रियता देखने को मिली जब एडीआरएम सनी सिन्हा ने स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे की विभिन्न महत्वपूर्ण सुविधाओं का जायजा लिया और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत रनिंग रूम से की गई, जहां रेलकर्मियों के ठहरने और आराम की सुविधाओं का आकलन किया गया। एडीआरएम ने साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं को संतोषजनक बनाए रखने पर जोर दिया। इसके बाद उन्होंने कंबाइंड क्रू लॉबी का निरीक्षण किया, जहां कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्य प्रणाली और रिकॉर्ड संधारण की स्थिति की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर रजिस्टरों को नियमित रूप से अपडेट नहीं किए जाने की बात सामने आई। इस पर एडीआरएम सनी सिन्हा ने संबंधित कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई और स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी अभिलेख समय पर और सही तरीके से संधारित किए जाएं। उन्होंने कहा कि कार्य में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पारदर्शिता एवं अनुशासन बनाए रखना अनिवार्य है।
इसके अलावा एडीआरएम ने स्टेशन परिसर के अन्य हिस्सों का भी निरीक्षण किया और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सुझाव दिए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और संतुष्टि सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
निरीक्षण के अंत में एडीआरएम ने कहा कि जयनगर रेलवे स्टेशन एक महत्वपूर्ण स्टेशन है, इसलिए यहां की व्यवस्थाओं को उच्च स्तर पर बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर सीनियर डीईएन वन निशांत कुमार चौधरी, एईएन राज कुमार, डीसीआई दिलीप कुमार, सीटीटीआई अर्जुन राउत, आईओडब्ल्यू रमेश कुमार, सीडीओ सुधांशु कुमार, सीडब्ल्यूएस आशुतोष कुमार, आरपीएफ प्रभारी शिव कुमार सिंह, स्टेशन अधीक्षक यदु लाल महतो, एएसएम राज कुमार राय समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
