मधुबनी | 29 अप्रैल 2026
सुल्तानगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी स्वर्गीय कृष्ण भूषण कुमार के असामयिक निधन पर मधुबनी जिला प्रशासन ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। इस दुखद अवसर पर जिलाधिकारी आनंद शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार दिवंगत अधिकारी के मधुबनी स्थित आवास पहुंचे और श्रद्धासुमन अर्पित कर अंतिम विदाई दी।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने दिवंगत अधिकारी के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनकी पत्नी शालू कुमारी एवं अन्य शोक-संतप्त परिजनों से मिलकर उन्हें ढाढ़स बंधाया।
कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी थे कृष्ण भूषण कुमार
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि स्वर्गीय कृष्ण भूषण कुमार एक कर्तव्यनिष्ठ, साहसी एवं समर्पित अधिकारी थे। उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ किया। प्रशासनिक सेवा में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय कृष्ण भूषण कुमार ने जनता की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और अपने कार्यकाल में अनुकरणीय कार्य किए, जिनकी याद लंबे समय तक बनी रहेगी।
परिजनों को 25 लाख रुपये की सहायता राशि
माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश के आलोक में जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने दिवंगत अधिकारी की पत्नी शालू कुमारी को तत्काल राहत स्वरूप 25 लाख रुपये का चेक प्रदान किया।
इसके साथ ही दिवंगत अधिकारी को गार्ड ऑफ ऑनर देकर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों एवं आमजन ने नम आंखों से उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी।
प्रशासन हर परिस्थिति में परिवार के साथ
जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि इस कठिन समय में जिला प्रशासन पूरी मजबूती से शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा है और हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने भी दिवंगत अधिकारी के कर्तव्यपरायण जीवन को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों को इस दुःख की घड़ी में धैर्य बनाए रखने की अपील की।
कई वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर नगर विकास एवं आवास विभाग, पटना के विशेष सचिव मनन राम, उप सचिव रंजन कुमार, नगर आयुक्त उमेश भारती, डीपीआरओ परिमल कुमार, एसडीओ चंदन झा, एसडीपीओ अमित कुमार सहित कई जिला स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित रहे।
सभी ने स्वर्गीय कृष्ण भूषण कुमार के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया।
प्रशासन ने जताई संवेदना
मधुबनी जिला प्रशासन ने दिवंगत अधिकारी के प्रति अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति दें।
