मधुबनी: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) द्वारा आयोजित सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (AEDO) प्रतियोगिता परीक्षा मंगलवार से जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। इस परीक्षा में कुल 4,884 अभ्यर्थी भाग ले रहे हैं।
जिला प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष मधुबनी में कड़ी सुरक्षा के बीच AEDO परीक्षा शुरू, 12 केंद्रों पर 4,884 अभ्यर्थी शामिल और कदाचारमुक्त बनाने के लिए व्यापक तैयारी की है। सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल, दंडाधिकारी और सशस्त्र बलों की तैनाती की गई है। सुरक्षा के मद्देनजर हर केंद्र पर सघन जांच की जा रही है और प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन तथा फेस रिकॉग्निशन अनिवार्य किया गया है।
परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, कैलकुलेटर सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। इसके साथ ही सभी केंद्रों पर मोबाइल जैमर लगाए गए हैं और पूरी परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी की जा रही है।
प्रशासन के निर्देशानुसार अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम ढाई घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य किया गया है, ताकि समय पर पहचान सत्यापन और अन्य प्रक्रियाएं पूरी की जा सकें।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नकल या किसी भी तरह की अनुचित गतिविधि में शामिल पाए जाने पर अभ्यर्थियों को परीक्षा से निष्कासित करने के साथ-साथ आगामी पांच वर्षों तक आयोग की परीक्षाओं से प्रतिबंधित किया जा सकता है।
यह परीक्षा 14 से 21 अप्रैल 2026 के बीच विभिन्न चरणों में आयोजित की जा रही है और इसे लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। वहीं राज्यभर में इस भर्ती परीक्षा के लिए 10 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है, जिससे प्रतिस्पर्धा काफी अधिक मानी जा रही है।
