Thursday, February 5, 2026
No menu items!
Homeकिसानफार्मर रजिस्ट्री महाअभियान तृतीय चरण: तीसरे दिन भी जिलाधिकारी ने की सघन...

फार्मर रजिस्ट्री महाअभियान तृतीय चरण: तीसरे दिन भी जिलाधिकारी ने की सघन मॉनिटरिंग, लापरवाही बरतने वाले कर्मियों व CSC/वसुधा केंद्र संचालकों पर होगी कड़ी कार्रवाई

मधुबनी | 04 फरवरी 2026
फार्मर रजिस्ट्री महाअभियान के तृतीय चरण के तीसरे दिन भी जिलाधिकारी आनंद शर्मा स्वयं अभियान की सघन मॉनिटरिंग करते रहे। छुट्टी के बावजूद जिले के सभी वरीय पदाधिकारी अपने-अपने आवंटित प्रखंडों में चल रहे फार्मर रजिस्ट्री कार्य की प्रगति का जायजा लेते नजर आए।
जिलाधिकारी की लगातार निगरानी का सकारात्मक असर अब स्पष्ट रूप से दिखने लगा है। तृतीय चरण के अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्रेशन कार्य में मधुबनी जिला पूरे बिहार में द्वितीय स्थान पर बना हुआ है।


जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि फार्मर रजिस्ट्री कार्य में किसी भी स्तर पर शिथिलता, लापरवाही या उदासीनता बरतने वाले अधिकारियों, कर्मियों एवं सीएससी/वसुधा केंद्र संचालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक दिन संध्या समय वर्चुअल माध्यम से संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कार्य प्रगति की नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि जिले के शत-प्रतिशत पात्र किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जा सके।
उल्लेखनीय है कि तृतीय चरण के प्रथम दिन ही 15 सीएससी/वसुधा केंद्र संचालकों का निबंधन रद्द किया जा चुका है, जबकि अन्य लापरवाह संचालकों को भी चिन्हित किया जा रहा है।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार दिनांक 02 फरवरी 2026 से फार्मर रजिस्ट्री कार्य को मिशन मोड में चलाया जा रहा है। इसके तहत जिले के सभी पंचायतों में कैंप लगाकर किसानों का पंजीकरण किया जा रहा है। किसानों को जागरूक करने के उद्देश्य से आंगनवाड़ी सेविका/सहायिका एवं पंचायत स्तर के सभी कर्मी सक्रिय रूप से किसानों को कैंप तक ला रहे हैं।
डीपीओ, आईसीडीएस एवं सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि तृतीय महाअभियान के पश्चात दिनांक 08 फरवरी 2026 को प्रत्येक सेविका/सहायिका से यह प्रमाण पत्र लिया जाएगा कि उनके पोषक क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी पात्र किसानों (जिनके नाम से जमाबंदी कायम है) का फार्मर रजिस्ट्री कार्य पूर्ण हो चुका है।
एग्रोस्टैक परियोजना के अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्री को प्राथमिकता देने हेतु प्रखंड एवं पंचायत स्तर के सभी विभागीय कर्मियों—राजस्व कर्मचारी, विशेष सर्वेक्षण कानूनगो व अमीन, किसान सलाहकार, कार्यपालक सहायक, पंचायत रोजगार सेवक, पंचायत सचिव, विकास मित्र, आवास सहायक, आंगनवाड़ी सेविका सहित अन्य कर्मियों को इस कार्य में प्रतिनियुक्त किया गया है। साथ ही सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को पंचायत आवंटित कर अनुश्रवण की जिम्मेदारी दी गई है।
तृतीय महाअभियान के दौरान किसान अपने पंचायत के कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार या राजस्व कर्मचारी से संपर्क कर फार्मर रजिस्ट्री करा सकते हैं। इसके अलावा नजदीकी सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर)/वसुधा केंद्र पर जाकर भी पंजीकरण कराया जा सकता है।
फार्मर रजिस्ट्री के लिए आधार कार्ड, मोबाइल नंबर एवं स्वयं के नाम से जमाबंदी होना अनिवार्य है। यह रजिस्ट्री पीएम किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, केसीसी, सहायता अनुदान, फसल क्षति मुआवजा सहित सभी सरकारी योजनाओं का लाभ डिजिटल पहचान के साथ प्राप्त करने के लिए आवश्यक है।
रजिस्ट्रेशन के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या होने पर किसान निम्नलिखित नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं—
अविलाश पांडेय: 9635053475
मनोज कुमार: 9304850453
राजेश कुमार: 7373358760

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

अभी अभी

लोकप्रिय खबर