दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव प्रचार तेज, मदरसा शिक्षकों से मिले नजरे आलम; शिक्षकों के अधिकार, सम्मान और शिक्षा के विकास को बनाया मुख्य मुद्दा
दरभंगा। दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी प्रो. घनश्याम राय के समर्थन में जदयू नेता नजरे आलम अपनी टीम के साथ दरभंगा और मधुबनी जिले के विभिन्न मदरसों में पहुंचकर शिक्षकों से संपर्क कर रहे हैं। उन्होंने मदरसा शिक्षकों सहित अन्य शिक्षकों से मुलाकात कर प्रो. घनश्याम राय के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
नजरे आलम के इस जनसंपर्क अभियान में कुद्दूस सागर, जकी अहमद, मौलाना असद रशीद नदवी, हाजी मोहम्मद तनवीर आलम, अबू बशर रब्बानी, मोहम्मद अनवर समेत कई अन्य साथी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। टीम विभिन्न मदरसों में पहुंचकर शिक्षकों से संवाद कर रही है और चुनाव में समर्थन जुटाने की कोशिश कर रही है।
शिक्षकों के अधिकार और सम्मान का मुद्दा गरमाया
चुनाव प्रचार के दौरान नजरे आलम ने शिक्षकों के अधिकार, सम्मान और शैक्षणिक संस्थानों के विकास पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए शिक्षकों की समस्याओं को समझना और उनके जायज अधिकारों के लिए आवाज उठाना बेहद जरूरी है। शिक्षकों का सम्मान और उनकी समस्याओं का समाधान बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था की बुनियाद है।
नीतीश कुमार के कार्यकाल में शिक्षा के विकास का किया जिक्र
जनसंपर्क अभियान के दौरान बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में शिक्षा के क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का भी जिक्र किया गया। टीम ने शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार, अल्पसंख्यक विद्यार्थियों को प्रोत्साहन और मदरसों में आधुनिक शिक्षा को बढ़ावा देने के प्रयासों को सामने रखा।
चुनाव चिह्न क्रमांक 2 पर वोट देने की अपील
नजरे आलम ने शिक्षकों से एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी प्रो. घनश्याम राय को चुनाव चिह्न क्रमांक 2 पर वोट देकर समर्थन देने की अपील की। उन्होंने शिक्षकों से शिक्षा के विकास, अपने अधिकारों और सम्मान से जुड़े मुद्दों को ध्यान में रखते हुए मतदान करने का आह्वान किया।
दरभंगा और मधुबनी के मदरसों में तेज हुए इस जनसंपर्क अभियान के बीच अब नजरें शिक्षक मतदाताओं के रुख पर टिकी हैं। चुनाव में विभिन्न प्रत्याशियों के बीच समर्थन जुटाने की कोशिशें लगातार जारी हैं।
