Sunday, August 2, 2026
No menu items!
Homeबिहारनशे के खिलाफ देश का सबसे बड़ा अभियान शुरू, PM मोदी का...

नशे के खिलाफ देश का सबसे बड़ा अभियान शुरू, PM मोदी का युवाओं को संदेश— “नशे से नहीं, राष्ट्र निर्माण से जोड़िए खुद को” | मधुबनी में भी लिया गया संकल्प

मधुबनी: देश को नशामुक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘नशा मुक्त युवा से विकसित भारत–संकल्प अभियान 2026’ का भव्य शुभारंभ किया। देशभर के 10,000 से अधिक स्थानों पर जुड़े एक करोड़ से ज्यादा युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने और विकसित भारत-2047 के निर्माण में अपनी ऊर्जा लगाने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि “नशा केवल व्यक्ति का नहीं, पूरे परिवार और समाज का भविष्य बर्बाद करता है।” उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे को “ना” कहें और देश को विकसित बनाने के मिशन में सक्रिय भागीदार बनें। इस दौरान नशामुक्ति पर आधारित नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन भी किया गया और अगले 100 सप्ताह तक हर रविवार चलने वाले राष्ट्रव्यापी ‘संडे प्रोग्राम’ की शुरुआत हुई। करोड़ों युवाओं ने डिजिटल और ऑफलाइन माध्यम से नशामुक्ति की शपथ ली।


इधर, मधुबनी के डीआरडीए सभागार में जिला प्रशासन और MY Bharat के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में युवाओं, छात्र-छात्राओं, एनएसएस स्वयंसेवकों, युवा क्लबों और सामाजिक संगठनों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर “नशा मुक्त मधुबनी, विकसित भारत” का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि नशा समाज के लिए सबसे बड़ी बुराइयों में से एक है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और हर गांव-शहर तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने की अपील की। इसके बाद उन्होंने सभी प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई।

जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि आने वाले 100 सप्ताह तक पूरे जिले में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। स्कूलों, कॉलेजों, युवा क्लबों और स्वयंसेवी संगठनों की सक्रिय भागीदारी से हर पंचायत और हर गांव तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया जाएगा।

वहीं विधायक माधव आनंद ने युवाओं से इस अभियान का ब्रांड एंबेसडर बनने और अपने परिवार व समाज को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने की अपील की।
इस अवसर पर एसएसपी योगेंद्र प्रसाद, सदर एसडीओ चंदन कुमार झा, जिला युवा पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार अमर, सहायक निदेशक नितेश कुमार पाठक समेत कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि, MY Bharat और NSS के स्वयंसेवक, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

अभी अभी

लोकप्रिय खबर