रहिका में घटना से भड़का मैथिल समाज, ADM को सौंपा मांग पत्र; कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
मधुबनी। मिथिला की धरती से जुड़ी एक घटना ने लोगों के आक्रोश को बढ़ा दिया है। रहिका के जीवछ चौक स्थित मुक्ति धाम के पास स्थापित मिथिला विभूति एवं महाकवि बाबा विद्यापति की मूर्ति को असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त कर जीवछ नदी में फेंकने का आरोप सामने आया है। घटना को लेकर मैथिल समाज रहिका ने कड़ी नाराजगी जताते हुए प्रशासन से दोषियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
मामले को लेकर शनिवार को मैथिल समाज रहिका का पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल महासचिव प्रो. शीतलांबर झा के नेतृत्व में अपर समाहर्ता मुकेश रंजन से मिला और उन्हें मांग पत्र सौंपा।
‘यह सिर्फ मूर्ति नहीं, मिथिला की अस्मिता पर हमला’
महासचिव प्रो. शीतलांबर झा ने कहा कि बाबा विद्यापति की मूर्ति को खंडित किया जाना केवल मूर्ति तोड़े जाने की घटना नहीं है, बल्कि यह मिथिला की अस्मिता और आत्मा पर हमला है। उन्होंने कहा कि घटना से पूरे मिथिलावासियों में आक्रोश है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
मुक्ति धाम के पास ‘असामाजिक गतिविधियों’ का आरोप
प्रो. झा ने आरोप लगाया कि जीवछ चौक स्थित मुक्ति धाम के आसपास असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ गया है। उनके मुताबिक, वहां नशे और शराब से जुड़ी गतिविधियां होने की शिकायतें सामने आती रही हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुक्ति धाम में पूजा-पाठ और भजन-कीर्तन करने वाले पुजारी दामोदर पटेल को भी धमकाया और परेशान किया जाता है। आरोप है कि उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट तक की गई है।
थाना में आवेदन के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप
मैथिल समाज के अनुसार, घटना को लेकर दो दिन पहले ही रहिका थाना प्रभारी को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की गई थी। लेकिन संस्था का आरोप है कि अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
इसी के बाद प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन का दरवाजा खटखटाया और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
ADM ने दिया कार्रवाई का भरोसा
अपर समाहर्ता मुकेश रंजन ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मांग पत्र को जिलाधिकारी के समक्ष उचित कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा। साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी से भी बातचीत कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही गई।
15 दिन का अल्टीमेटम, नहीं तो आंदोलन!
मैथिल समाज रहिका ने प्रशासन को 15 दिनों का समय देते हुए कहा है कि यदि इस अवधि में दोषियों के खिलाफ ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं हुई और बाबा विद्यापति की मूर्ति को ससम्मान पुनः स्थापित नहीं किया गया, तो संस्था आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
प्रतिनिधिमंडल में यूएनआई संवाददाता प्रो. अमरनाथ आनंद, जी न्यूज संवाददाता बिंदु भूषण ठाकुर, न्यूज नेशन संवाददाता प्रशांत कुमार झा, प्रो. अनिल नाथ झा और यूट्यूबर आलोक झा शामिल थे।
