पटना: शादी समारोह से लौट रहे एक परिवार पर रास्ते में ऐसा कहर टूटा कि कुछ ही पलों में खुशियां मातम में बदल गईं। पटना जिले में एक तेज रफ्तार हाईवा ने स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि स्कॉर्पियो में सवार 3 महिलाओं समेत 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
शादी से लौट रहे थे सभी, रास्ते में हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के अनुसार, बाढ़ थाना क्षेत्र के सिकंदरा गांव से बारात बख्तियारपुर के बेलथान गांव गई थी। शादी समारोह संपन्न होने के बाद बारात में शामिल लोग स्कॉर्पियो से वापस अपने गांव लौट रहे थे।
इसी दौरान अथमलगोला थाना क्षेत्र के सवनीमा पेट्रोल पंप के पास हाईवा ने स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं।
3 महिलाओं समेत 4 की मौत
भीषण सड़क हादसे में तीन महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई। वहीं, तीन लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
गंभीर घायलों को PMCH रेफर
घायलों को पहले बाढ़ अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने तीनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए पटना PMCH रेफर कर दिया।
एक झटके में उजड़ गया परिवार
शादी की खुशियों के साथ घर लौट रहे परिवार को शायद अंदाजा भी नहीं था कि रास्ते में उनका इंतजार मौत कर रही है। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की गई है।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। हाईवा की रफ्तार और दुर्घटना की परिस्थितियों को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।
