HRMS की गोपनीय जानकारी सोशल मीडिया पर डालने, महिला शिक्षिकाओं से अमर्यादित व्यवहार और क्लास में सोने के मामले में कार्रवाई
मधुबनी, 05 नवंबर 2026। मधुबनी जिले में सरकारी स्कूलों में अनुशासन और शिक्षकों की जवाबदेही को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सरकारी सेवा की गरिमा के खिलाफ आचरण, ड्यूटी में लापरवाही और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक गतिविधियों के मामलों में तीन शिक्षकों पर कार्रवाई की गई है। इनमें दो प्रधान शिक्षक और एक पंचायत शिक्षिका शामिल हैं।
जिला प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, तीनों शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय अनुशासनिक कार्रवाई भी शुरू की जा रही है। इन मामलों में सोशल मीडिया पर HRMS की गोपनीय जानकारी साझा करने, महिला शिक्षिकाओं के साथ अमर्यादित व्यवहार करने और कक्षा संचालन के दौरान सोने जैसे आरोप शामिल हैंl
इन तीन शिक्षकों पर हुई कार्रवाई
निलंबित किए गए शिक्षकों में भोला कुमार यादव, प्रधान शिक्षक, प्राथमिक विद्यालय श्रीरामपुर, प्रखंड लदनियां; अजित कुमार झा, प्रधान शिक्षक, नया प्राथमिक विद्यालय खडहरी मुस्लिम टोल सस्ता, प्रखंड रहिका और राधा देवी, पंचायत शिक्षिका, प्राथमिक विद्यालय मझौरा, प्रखंड बासोपट्टी शामिल हैं।
फेसबुक पर HRMS की गोपनीय जानकारी डालने पर प्रधान शिक्षक निलंबित
प्राथमिक विद्यालय श्रीरामपुर, लदनियां के प्रधान शिक्षक भोला कुमार यादव पर अपने फेसबुक अकाउंट पर HRMS ID PROFILE से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा करने का आरोप है।
जांच में पाया गया कि CFMS पोर्टल पर वित्तीय कार्यों के लिए प्रधान शिक्षक को मेकर के रूप में जिम्मेदारी दी गई थी। इस प्रक्रिया में तैयार होने वाले विपत्र गोपनीय प्रकृति के होते हैं। इसके बावजूद संबंधित शिक्षक ने इस जानकारी को सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
मामले में उनसे 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली के तहत उन्हें निलंबित कर दिया गया।
महिला शिक्षिकाओं से अमर्यादित व्यवहार के आरोप में प्रधान शिक्षक पर गिरी गाज
रहिका प्रखंड के नया प्राथमिक विद्यालय खडहरी मुस्लिम टोल सस्ता के प्रधान शिक्षक अजित कुमार झा पर विद्यालय में कार्यरत महिला शिक्षिकाओं के साथ अमर्यादित व्यवहार करने, स्कूल का शैक्षणिक माहौल खराब करने और मनमाने तरीके से काम करने के आरोप लगे थे।
इस मामले की जांच जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, माध्यमिक शिक्षा एवं साक्षरता की ओर से की गई। जांच रिपोर्ट में आरोपों के आधार पर विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की गई थी। इसके बाद संबंधित प्रधान शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
क्लास में सोती मिलीं शिक्षिका, वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई
बासोपट्टी प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय मझौरा की पंचायत शिक्षिका राधा देवी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में वह कक्षा संचालन के दौरान क्लासरूम में सोती हुई दिखाई दे रही थीं।
इस मामले में शिक्षिका से स्पष्टीकरण मांगा गया, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद पंचायत नियोजन इकाई खौना, बासोपट्टी को उन्हें निलंबित करने और विभागीय कार्रवाई शुरू करने की अनुशंसा की गई है।
निलंबन के दौरान अलग-अलग कार्यालयों में देना होगा योगदान
निलंबन अवधि के दौरान तीनों शिक्षकों के लिए अलग-अलग मुख्यालय निर्धारित किए गए हैं।
भोला कुमार यादव का मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र, बिस्फी।
अजित कुमार झा का मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र, लौकही।
राधा देवी का मुख्यालय प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, बासोपट्टी का कार्यालय।
निलंबन अवधि में संबंधित शिक्षकों को निर्धारित मुख्यालय में अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी। इस दौरान नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने शिक्षकों को दी सख्त हिदायत
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने स्पष्ट किया है कि सरकारी विद्यालयों में अनुशासन, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के मामले में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने सभी विद्यालय प्रधानों और शिक्षकों से सरकारी सेवा की गरिमा एवं मर्यादा बनाए रखने की अपील की है। जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षक अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जवाबदेही के साथ करें, ताकि उनका व्यवहार बच्चों के लिए एक अच्छा उदाहरण और प्रेरणा बन सकेl
जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सरकारी पद का दुरुपयोग, ड्यूटी में लापरवाही, अमर्यादित व्यवहार और विभागीय गोपनीयता भंग करने जैसे मामलों में जांच के बाद नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
