Sunday, September 6, 2026
No menu items!
Homeबिहारमोतिहारी से नशामुक्त बिहार के लिए सामाजिक सत्याग्रह का शंखनाद

मोतिहारी से नशामुक्त बिहार के लिए सामाजिक सत्याग्रह का शंखनाद

मोतिहारी की ऐतिहासिक धरती से नशामुक्त बिहार के लिए सामाजिक सत्याग्रह का शंखनाद, बिहार यूथ ऑर्गनाइजेशन ने शुरू किया राज्यव्यापी अभियान
5 से 30 सितंबर तक चलेगा अभियान, प्रदेश अध्यक्ष फैसल बाबर बोले—“नशे के खिलाफ लड़ाई किसी एक संगठन की नहीं, पूरे समाज की जिम्मेदारी

मोतिहारी, पूर्वी चंपारण। बिहार में बढ़ते नशे के दुष्प्रभावों के खिलाफ अब सामाजिक स्तर पर भी अभियान तेज होने लगा है। बिहार यूथ ऑर्गनाइजेशन ने नशे के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान का शंखनाद ऐतिहासिक मोतिहारी की धरती से किया है। संगठन की ओर से यह विशेष अभियान 5 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक पूरे बिहार में चलाया जाएगा।

अभियान के शुभारंभ के अवसर पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष फैसल बाबर ने कहा कि नशा महज किसी व्यक्ति की बुरी आदत नहीं, बल्कि यह परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ी के भविष्य से जुड़ी गंभीर चुनौती है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई के लिए सरकार, प्रशासन और समाज—सभी को मिलकर आगे आना होगा।

गांधी की धरती से नशे के खिलाफ नए सत्याग्रह का आह्वान
फैसल बाबर ने मोतिहारी की ऐतिहासिक धरती का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस भूमि ने कभी महात्मा गांधी के सत्याग्रह के माध्यम से अन्याय के खिलाफ देश को नई दिशा दी थी, उसी धरती से आज नशे के खिलाफ एक नए सामाजिक सत्याग्रह का आह्वान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नशामुक्ति के लिए केवल नारे लगाना पर्याप्त नहीं है। समाज के प्रत्येक वर्ग को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना होगा और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सामाजिक एवं कानूनी प्रतिरोध को मजबूत करना होगा।

“युवा नशे के ग्राहक नहीं, बिहार के भविष्य के निर्माता हैं”
प्रदेश अध्यक्ष ने युवाओं को अभियान का केंद्र बताते हुए कहा कि बिहार की वास्तविक शक्ति उसकी युवा पीढ़ी है। यदि युवा स्वस्थ, शिक्षित और कर्मठ होगा तो बिहार के विकास को कोई रोक नहीं सकता।
उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा—
“आप नशे के ग्राहक नहीं, बिहार के भविष्य के निर्माता हैं। अपनी ऊर्जा नशे में नहीं, अपने सपनों को साकार करने में लगाइए।”
उन्होंने कहा कि एक युवा के नशे की गिरफ्त में आने से सिर्फ उसका जीवन प्रभावित नहीं होता, बल्कि उसके परिवार की खुशियां और आर्थिक स्थिति भी प्रभावित होती है। माता-पिता मानसिक तनाव से गुजरते हैं और समाज का भविष्य भी कमजोर होता है।

नशे की गिरफ्त में फंसे लोगों को मिलेगा सहारा और पुनर्वास पर जोर
फैसल बाबर ने कहा कि नशे की समस्या का समाधान केवल कानूनी कार्रवाई से संभव नहीं है। जहां नशे का अवैध कारोबार और तस्करी हो रही है, वहां कठोर कार्रवाई जरूरी है, लेकिन जो लोग नशे की गिरफ्त में फंस चुके हैं, उनके लिए जागरूकता, उपचार और पुनर्वास का रास्ता भी उपलब्ध कराया जाना चाहिए।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों के साथ मित्रवत व्यवहार करें और उनके जीवन में आने वाली परेशानियों को समझने का प्रयास करें।

उन्होंने कहा कि नशे की समस्या से जूझ रहे व्यक्ति का मजाक उड़ाने या उसका बहिष्कार करने के बजाय उसे उपचार और सही मार्गदर्शन की जरूरत है। सही समय पर सहयोग मिलने से भटकी हुई जिंदगी को दोबारा संवारा जा सकता है।

गांव-गांव और शहर-शहर पहुंचेगा नशामुक्ति का संदेश
बिहार यूथ ऑर्गनाइजेशन ने कहा कि संगठन केवल सरकार से अपेक्षा करने तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि समाज के साथ मिलकर समाधान का सहभागी बनना चाहता है।

अभियान के तहत युवाओं, विद्यार्थियों, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों को जोड़ते हुए गांव-गांव और शहर-शहर नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

संगठन का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखते हुए उन्हें शिक्षा, रोजगार, खेल, रचनात्मक गतिविधियों और सकारात्मक सोच की ओर प्रेरित करना है।

मीडिया से भी सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील
फैसल बाबर ने मीडिया से अपील करते हुए कहा कि नशे से जुड़ी घटनाओं को सामने लाने के साथ-साथ नशामुक्ति, उपचार, पुनर्वास और सकारात्मक बदलाव की कहानियों को भी प्रमुखता दी जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि मीडिया की सकारात्मक भूमिका से समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ नशे की समस्या से जूझ रहे लोगों में उम्मीद पैदा की जा सकती है।

ये पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष अरमान खान, जिला सचिव डॉ. हसिबुल्लाह, पूर्व जिला अध्यक्ष सैयद साजिद हुसैन, पूर्व जिला सचिव सुल्तान सैफी, इरफान शिकोह, मोबीन अख्तर, मुनाफ सैफी, मो. अबीद, मो. जूबैर सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बिहार यूथ ऑर्गनाइजेशन ने अभियान के माध्यम से लोगों से नशे के खिलाफ सामाजिक मुहिम में शामिल होने और युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की।
संगठन का संकल्प
नशे को ना, जिंदगी को हां!
नशामुक्त बिहार हमारा संकल्प!
युवा जागेगा, बिहार आगे बढ़ेगा!

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

अभी अभी

लोकप्रिय खबर