मधुबनी। जिले में विधि-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मधुबनी के ग्रामीण पुलिस अधीक्षक शिवम धाकड़ ने अंधराठाढ़ी थाना का औचक निरीक्षण किया। SP के अचानक थाना पहुंचने से पुलिसकर्मियों में भी हलचल बढ़ गई।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीण SP ने थाना के विभिन्न पंजी, सिरिस्ता, मालखाना, हाजत, महिला हेल्प डेस्क, कंप्यूटर कक्ष एवं थाना परिसर का जायजा लिया। उन्होंने थाने में दर्ज विभिन्न कांडों की प्रगति की भी समीक्षा की।
SP शिवम धाकड़ ने लंबित कांडों में फरार चल रहे अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को कांडों के अनुसंधान में तेजी लाने और अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने थानाध्यक्ष जितेश मिश्रा सहित सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को निर्देश दिया कि थाना पहुंचने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार किया जाए। साथ ही क्षेत्र में रात्रि गश्ती को और तेज करने का निर्देश दिया गया।
औचक निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी झंझारपुर सुबोध कुमार सिन्हा, अपर थानाध्यक्ष टुन प्रसाद सहित थाना के सभी पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक के इस औचक निरीक्षण को जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
