मधुबनी | जयनगर | 3 अगस्त 2026
भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर नकली भारतीय मुद्रा (FICN) के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB), बिहार पुलिस, बिहार एसटीएफ और बिहार पुलिस एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में ₹50,150 मूल्य की संदिग्ध नकली भारतीय मुद्रा (FICN) बरामद की गई है। इस मामले में दो भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
एसएसबी को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि भारत-नेपाल सीमा से सटे दुहबी बाजार में एक दुकान के माध्यम से नकली नोटों को इकट्ठा कर जयनगर, बासोपट्टी, मधुबनी और आसपास के बाजारों में खपाने की तैयारी की जा रही है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एसएसबी, बिहार पुलिस, बिहार एसटीएफ और एसओजी की संयुक्त टीम का गठन किया गया। रविवार, 2 अगस्त को टीम ने योजनाबद्ध तरीके से संबंधित स्थान की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान दो संदिग्ध मौके से भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन सुरक्षा बलों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया।
बैग से मिले नकली नोट और मोबाइल
स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में दोनों आरोपियों के बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कुल ₹50,150 मूल्य के संदिग्ध नकली भारतीय नोट बरामद हुए। इसके अलावा एक ओप्पो और एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
बरामद नकली नोटों का विवरण:
₹50 के 81 नोट – ₹4,050
₹100 के 110 नोट – ₹11,000
₹200 के 33 नोट – ₹6,600
₹500 के 57 नोट – ₹28,500
कुल बरामद संदिग्ध नकली भारतीय मुद्रा: ₹50,150
दोनों आरोपी मधुबनी के निवासी
गिरफ्तार दोनों आरोपी भारतीय नागरिक हैं। इनमें एक आरोपी बासोपट्टी थाना क्षेत्र के दुहबी बाजार वार्ड-11 का निवासी है, जबकि दूसरा बाबूबरही थाना क्षेत्र के भटचौरा वार्ड-6 का रहने वाला है।
जांच में बड़े नेटवर्क की आशंका
प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि नकली नोटों को सीमा क्षेत्र में जमा कर विभिन्न बाजारों में चलाने की योजना बनाई गई थी। जांच एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क, नकली नोटों के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई हैं।
पुलिस को सौंपे गए आरोपी
बरामद नकली मुद्रा, मोबाइल फोन और गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई पूरी करने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए उन्हें बासोपट्टी थाना पुलिस के सुपुर्द किया जा रहा है।
कमांडेंट ने दी चेतावनी
48वीं वाहिनी एसएसबी के कमांडेंट राजेंद्र कुमार ने संयुक्त कार्रवाई में शामिल सभी अधिकारियों और जवानों की सराहना करते हुए कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर नकली भारतीय मुद्रा, मादक पदार्थों, हथियारों और अन्य अवैध तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने सीमा क्षेत्र के लोगों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत सुरक्षा बलों या स्थानीय पुलिस को दें, ताकि अपराध और तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
