Tuesday, May 19, 2026
No menu items!
Homeबिहारहथियार तस्करी के नेटवर्क पर मधुबनी पुलिस का बड़ा प्रहार, डकैती की...

हथियार तस्करी के नेटवर्क पर मधुबनी पुलिस का बड़ा प्रहार, डकैती की साजिश नाकाम

 

मधुबनी, 18 मई 2026:

मधुबनी पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी एवं डकैती की साजिश रच रहे अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से दो देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा, 20 हजार रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल एवं दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस की तत्परता से संभावित डकैती की घटना को समय रहते विफल कर दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के लोरिका निवासी अभिषेक कुमार मंडल, दरभंगा जिले के बहेरी थाना क्षेत्र निवासी मोनू कुमार, मुजफ्फरपुर जिले के कटरा थाना क्षेत्र निवासी प्रियांशु कुमार उर्फ सुमित तथा साहरघाट निवासी रमेश कुमार पासवान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभिषेक कुमार मंडल एवं मोनू कुमार का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।

पुलिस अधीक्षक मधुबनी के निर्देशानुसार जिले में अवैध हथियार की तस्करी एवं अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 16 मई 2026 की रात साहरघाट थाना पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम बिशनपुर मुख्य सड़क के पास ग्रामीणों ने तीन संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ रखा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के कब्जे से तीनों युवकों को सुरक्षित हिरासत में लिया। उनके पास से एक मोटरसाइकिल एवं दो मोबाइल भी बरामद किए गए।

पूछताछ के दौरान मोनू कुमार ने पुलिस को बताया कि वे लोग अभिषेक कुमार के माध्यम से अवैध हथियार खरीदने के लिए साहरघाट आए थे। उन्होंने रमेश कुमार पासवान से दो देशी पिस्टल खरीदी थी, जिसके एवज में 20 हजार रुपये दिए गए थे तथा शेष 35 हजार रुपये बाद में देने की बात तय हुई थी। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि हथियार खरीदने के बाद सभी ने मिलकर एक घर में डकैती डालने की योजना बनाई थी। इसी बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया और रमेश कुमार दोनों पिस्टल एवं बैग लेकर फरार हो गया।

पुलिस ने तत्काल आरोपियों की निशानदेही पर रमेश कुमार के घर छापेमारी की, लेकिन वह फरार मिला। इसके बाद 17 मई को पुलिस को सूचना मिली कि रमेश कुमार अवारी स्थित भूतनाथ मंदिर के पास एक बगीचे में देखा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एक युवक बैग लेकर भागने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से दो देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा तथा 20 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।

गिरफ्तार रमेश कुमार पासवान ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह अवैध हथियार की खरीद-बिक्री करता है। उसने बताया कि मोनू कुमार को दो देशी पिस्टल बेचने के बाद सभी ने मिलकर डकैती की योजना बनाई थी, जिसमें उसके अलावा अन्य चार लोग भी शामिल थे। पैसों के विवाद के बाद वह हथियार लेकर फरार हो गया था।

पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही है तथा गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों एवं हथियार तस्करी नेटवर्क का पता लगाने के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इस संबंध में साहरघाट थाना में प्राथमिकी दर्ज कर सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि अपराध एवं अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

अभी अभी

लोकप्रिय खबर